)
जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल फ्लाइट कनेक्टिविटी में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं. जयपुर से बैंकॉक के लिए हवाई सेवाओं की एक बार फिर शुरुआत हो गई है. हालांकि कुआलालंपुर के लिए इस बार फ्लाइट नहीं मिल सकेगी. जयपुर सहित देशभर के एयरपोर्ट्स पर विंटर शेड्यूल लागू हो चुका है. फ्लाइट्स के इस विंटर शेड्यूल में इंटरनेशनल एयर कनेक्टिविटी में अधिक बढ़ोतरी नहीं हो सकी है. पिछले वर्ष जहां 6 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन के लिए 8 फ्लाइट चल रही थी. वहीं, इस बार केवल 5 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन के लिए ही फ्लाइट मिल पा रही हैं.
इससे पहले गर्मियों के दौरान तो खाड़ी देशों के केवल 4 शहरों के लिए ही फ्लाइट संचालित हो रही थीं. आपको बता दें कि पिछले साल दुबई और आबूधाबी के लिए 2-2 फ्लाइट, जबकि मस्कट, शारजाह, बैंकॉक और कुआलालंपुर के लिए एक-एक फ्लाइट संचालित हो रही थी. इस बार बैंकॉक की फ्लाइट 17 नवंबर से शुरू हुई है. जबकि कुआलालंपुर की फ्लाइट शुरू होने की कोई संभावना नहीं है. अभी बैंकॉक के अलावा दुबई और अबूधाबी के लिए 2-2 और मस्कट व शारजाह के लिए एक-एक फ्लाइट उपलब्ध हैं.
एयर कनेक्टिविटी में क्या हुए हैं बदलाव ?
बैंकॉक के लिए शुरू हुई एयर एशिया की इंटरनेशनल फ्लाइट
फ्लाइट FD-130 बैंकॉक से रात 10:10 बजे आएगी जयपुर
फ्लाइट FD-131 जयपुर से रात 11:15 बजे जाएगी बैंकॉक
सप्ताह में 4 दिन रविवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार को चलेगी
दुबई के लिए भी शुरू हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की अतिरिक्त फ्लाइट
फ्लाइट IX-209 जयपुर से दोपहर 1 बजे जाएगी दुबई
फ्लाइट IX-210 दुबई से रात 9:10 बजे आएगी जयपुर
कुआलालंपुर के लिए शुरू नहीं हुई सीधी फ्लाइट
30 जनवरी 2026 तक संचालित हो रही थी कुआलालंपुर की फ्लाइट
फ्लाइट AK-19 कुआलालंपुर से रात 9:20 बजे आती थी जयपुर
फ्लाइट AK-18 जयपुर से रात 10:20 बजे जाती थी कुआलालंपुर
इस बार सर्दियों में शुरू नहीं हुई कुआलालंपुर की फ्लाइट
दुबई के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की अब रोज 2 फ्लाइट
कुआलालंपुर की फ्लाइट शुरू नहीं होने से जयपुर से मलेशिया जाने वाले इंटरनेशनल यात्रियों को परेशानी हो रही है. दरअसल कुआलालंपुर की कनेक्टिंग फ्लाइट लेते हुए हवाई यात्री पूर्व में ऑस्ट्रेलिया या सिंगापुर के लिए भी सीधे यात्रा कर पा रहे थे. लेकिन अब यह फ्लाइट शुरू नहीं होने से हवाई यात्रियों को विकल्प नहीं मिल पा रहे हैं. हालांकि इस सीजन में दुबई के लिए एयर कनेक्टिविटी में बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपनी फ्लाइट्स की संख्या 1 से बढ़ाकर 2 कर दी है. सूत्रों की मानें तो विमानों के ईंधन की दरें बढ़ने के चलते फ्लाइट संचालन में कमी आई है. संभवतया इसी वजह से इस बार सर्दियों में कुआलालंपुर और पूर्व में घोषित भूटान के पारो और वियतनाम के हनोई के लिए फ्लाइट नहीं चल पा रही हैं.