App

रामपुर: 11वीं की छात्रा को कार में अगवा कर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप; दो पर केस दर्ज

Rampur Crime: रामपुर में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. छात्रा की मां ने दो युवकों पर जबरन कार में ले जाकर दुष्कर्म करने और करीब डेढ़ साल से अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है.

रामपुर: 11वीं की छात्रा को कार में अगवा कर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप; दो पर केस दर्ज
Image Credit: Rampur News

सुरेश दिवाकर/रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है. स्वार कोतवाली क्षेत्र में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा को जबरन कार में बैठाकर दुष्कर्म करने और उसकी अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए डेढ़ साल से ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज आरोप लगा है. पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

चलती कार में दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता की मां द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उनकी बेटी को एक स्थानीय युवक पिछले करीब डेढ़ साल से अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था. आरोप है कि बीते 28 सितंबर को आरोपी युवक अपने साथी के साथ आया और छात्रा को जबरन कार में खींच लिया. इसके बाद चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. घटना के करीब दो घंटे बाद आरोपी छात्रा को स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गए.

दोबारा बुलाया और दी धमकी
परिजनों का आरोप है कि वारदात के बाद भी आरोपियों की हरकतें बंद नहीं हुईं. 30 सितंबर को छात्रा को दोबारा फोन करके बुलाया गया और उसके साथ फिर से गलत काम किया गया. इसके साथ ही धमकी दी गई कि यदि इस बारे में पुलिस या परिवार को बताया गया तो उसके अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे.

उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई FIR
लगातार मिल रही धमकियों और उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता की मां पुलिस के पास पहुंची. परिजनों का आरोप है कि शुरुआती शिकायत पर पुलिस ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया, तब जाकर स्वार कोतवाली पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा का बयान दर्ज कराया जा रहा है और घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More