)
मोहम्मद गुफरान/प्रयागराज: उमेश पाल हत्याकांड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है.मामले में आरोपी शूटर अरमान बिहारी को बिहार की गया जेल से प्रयागराज लाया गया है. प्रयागराज पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच उसे लेकर सुबह तड़के शहर पहुंची.अरमान बिहारी को बी-वारंट के जरिए बिहार से प्रयागराज लाया गया है.
कोर्ट में पेशी- पुलिस उसे सोमवार दोपहर के आसपास प्रयागराज कोर्ट में पेश करेगी. उमेश पाल हत्याकांड के संबंध में सघन पूछताछ करने और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी के लिए पुलिस अदालत से अरमान बिहारी की कस्टडी रिमांड की मांग कर सकती है.
बी वारंट पर लाया गया प्रयागराज, रिमांड की तैयारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज पुलिस कल (रविवार) शाम अरमान बिहारी को बिहार की गया जेल से लेकर रवाना हुई थी और आज सुबह तड़के उसे प्रयागराज पहुंचा दिया गया. अरमान को 'बी वारंट' (B-Warrant) के आधार पर प्रयागराज लाया गया है.
गिरफ्तारी पर घोषित था 5 लाख का इनाम
उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रहे अरमान बिहारी पर प्रयागराज पुलिस ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. बाद में उसके बिहार की गया जेल में बंद होने की जानकारी पुलिस को मिली. इसके बाद अब बी-वारंट के आधार पर उसे प्रयागराज लाया गया है.
हत्याकांड में अरमान बिहारी की भूमिका
पुलिस के मुताबिक, 24 फरवरी 2023 को उमेश पाल की हत्या के दौरान अरमान बिहारी की भूमिका सामने आई थी. आरोप है कि वह बमबाज गुड्डू मुस्लिम के साथ बाइक से घटनास्थल पर पहुंचा था. उमेश पाल और उनके गनर पर फायरिंग करते हुए भी अरमान को देखे जाने का दावा किया गया था.
फरारी और सरेंडर
हत्याकांड को अंजाम देने के तुरंत बाद वह उत्तर प्रदेश से फरार होकर बिहार भाग गया था. प्रयागराज पुलिस से बचने के लिए उसने एक पुराने आपराधिक मामले में बिहार की अदालत में सरेंडर कर दिया था और गया जेल में बंद था.
पुलिस अब कोर्ट में पेशी के बाद उससे हत्याकांड से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ की तैयारी में है. रिमांड मिलने पर पुलिस घटना में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर सकती है.