)
नीना जैन/सहारनपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार को सहारनपुर पहुंचे. उनका यह दौरा 2027 के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है. यह पहली बार है, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहारनपुर आए हैं. नितिन नबीन की बैठक में 2027 का रोडमैप तैयार किया गया. साथ ही जनप्रतिनिधियों को दिशा-निर्देश मिले. बैठक में रामपुर से आए पूर्व विधायक अली युसुफ भी शामिल हुए. अली युसूफ ने बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुझे टिकट दीजिए आजम खान का किला सेंधने का काम करूंगा.
सहारनपुर में जोरदार स्वागत
सहारनपुर में अंबाला रोड पर सरोवर पोर्टिका में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पूर्व सांसद, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायकों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की. बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठन को मजबूत करने और पार्टी के लक्ष्य को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए. इससे पहले सहारनपुर में एंट्री करते ही कई स्थानों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन का भव्य स्वागत किया गया.
दो चरणों में ली बैठक
उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में एक अलग ही उत्साह नजर आया. राष्ट्रीय अध्यक्ष का ये दौरा आगामी चुनाव को लेकर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दो चरणों में बैठक ली. पहले चरण में पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व पदाधिकारी से बातचीत की. बैठक में शामिल पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का सहारनपुर में प्रवास संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा.
पिछले रिकॉर्ड तोड़ेगी बीजेपी
उन्होंने बताया कि पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आत्मीय वातावरण में बातचीत की और प्रत्येक व्यक्ति की बातें धैर्यपूर्वक सुनीं. उन्होंने कहा कि बैठक में मुख्य रूप से परिचय और संगठनात्मक संवाद हुआ. राघव लखनपाल ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य 2027 में सरकार बनाना है और इस बार पार्टी पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद की पहल सकारात्मक रही.
पिछली बार से अधिक सीटें जीतना लक्ष्य
वहीं, बुलंदशहर की पूर्व विधायक डॉ. अनीता लोधी ने कहा कि 2027 को लेकर संगठन के अनुरूप काम करने और चुनावी मिशन को पूरा करने का मार्गदर्शन मिला है. उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सरकार बनाना और पिछली बार की तुलना में अधिक सीटें हासिल करना है. गुटबाजी के सवाल पर डॉ. अनीता लोधी ने कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है और परिवार में छोटे-मोटे मतभेद हो सकते हैं, लेकिन पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है.
हारी सीटों को दोबारा जीतना संगठन का उद्देश्य
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन के लिए काम करेंगे. पिछली बार भाजपा के हाथ से निकली लोकसभा सीटों को लेकर उन्होंने कहा कि राजनीति में सत्ता में बने रहने के लिए जिन सीटों पर पार्टी को नुकसान हुआ है, उन्हें दोबारा जीतना भी संगठन का उद्देश्य रहता है. बैठक में आगामी चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर संवाद किया गया.
कौन हैं पूर्व विधायक अली युसूफ?
वहीं, बैठक में रामपुर से आए पूर्व विधायक अली युसूफ ने नितिन नबीन से कहा कि मुझे टिकट देकर एक बार फिर मौका दीजिए, आजम खान के किले को सेंधना मेरा काम है. मैं जीत दिखाऊंगा. पूर्व विधायक अली युसूफ अली ने चमरोहा विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी करते हुए कहा कि यदि उन्हें टिकट मिलता है तो निश्चित रूप से जीतेंगे, वह पहले भी आजम खान के चाचा को चुनावी दंगल में हरा चुके हैं. उनका कहना है कि उनकी विधानसभा सीट पर 65 से 70 फीसदी मुस्लिम है, जोकि उनके पक्ष में है और इसी के चलते नितिन नबीन ने सभी से बड़ी सहजता से बात की. अली युसूफ अली 2012 में बसपा के टिकट पर चुनाव जीते थे, उसके बाद कांग्रेस सपा में गए फिर 2022 में भाजपा का दामन थाम लिया था.