प्रयागराज एयरपोर्ट के नामकरण पर कांग्रेस में रार, सांसद ने मालवीय तो प्रवक्ता ने गांधी परिवार के नाम की उठाई मांग
प्रयागराज एयरपोर्ट के नामकरण पर कांग्रेस में मतभेद सामने आए। सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने मदन मोहन मालवीय के नाम की मांग की तो प्रवक्ता मोहम्मद फरहान ने गांधी परिवार के नाम की पैरवी की.
मोहम्मद गुफरान/प्रयागराज: प्रयागराज एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर कांग्रेस के भीतर ही दो अलग-अलग राय सामने आई हैं. इलाहाबाद से कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने एयरपोर्ट का नाम महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के नाम पर रखने की मांग उठाई है.वहीं, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद फरहान ने इस प्रस्ताव पर कड़ा ऐतराज जताते हुए एयरपोर्ट का नाम नेहरू-गांधी परिवार के किसी सदस्य के नाम पर रखने की वकालत की है.
मालवीय के नाम के प्रस्ताव पर कांग्रेस प्रवक्ता का ऐतराज
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद फरहान ने साफ कहा है कि प्रयागराज एयरपोर्ट का नाम पंडित जवाहर लाल नेहरू या फिर इंदिरा गांधी के नाम पर होना चाहिए, अन्य किसी के भी नामकरण को स्वीकार नहीं किया जाएगा. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राजीव गांधी और इंदिरा गांधी ने देश के लिए जान की कुर्बानी दी है. प्रयागराज से पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का गहरा नाता रहा है. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय न तो देश के लिए जान की कुर्बानी दिए हैं और न ही नेहरू-गांधी परिवार जैसा रिश्ता प्रयागराज से उनका रहा है. ऐसे में प्रयागराज एयरपोर्ट का नाम अगर किसी के नाम पर रखा जाए तो सिर्फ और सिर्फ गांधी परिवार के नाम से रखा जाना चाहिए. अन्य किसी भी नाम पर अगर एयरपोर्ट का नामकरण किया गया तो कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करेगी.
2027 चुनाव से पहले कांग्रेस में नामकरण पर मतभेद
फिलहाल प्रयागराज एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर कांग्रेस के भीतर उठे इस विवाद ने यूपी में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी चर्चाओं को गर्म कर दिया है. सवाल यह है कि क्या कांग्रेस इस मुद्दे पर एक राय बना पाएगी या फिर प्रयागराज एयरपोर्ट के नाम को लेकर पार्टी के अंदर का यह आपसी खींचतान आने वाले दिनों में और तेज होगी. कांग्रेस सांसद उज्जवल रमण सिंह की तरफ उठाई गई मांग के बाद कांग्रेस प्रवक्ता मोहम्मद फरहान के एतराज के बाद अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व इस पूरे विवाद पर क्या रुख अपनाता है. एयरपोर्ट के नामकरण विवाद के बाद यह साफ हो गया है कि कांग्रेस पार्टी के अंदर खाने सब कुछ ठीक नहीं है.
दिल्ली की रैली से गायब रहे UP युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारी सस्पेंड, 12 जिलाध्यक्षों पर भी गिरी गाज