App

मेरठ के सरधना में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, तीन लोगों की दर्दनाक मौत

Meerut Sardhana Road Accident: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. सरधना क्षेत्र के दबथुआ गांव के पास करनाल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को टक्कर मार दी. हादसे में टेंपो सवार तीन लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.

मेरठ के सरधना में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
Image Credit: Meerut Road Accident

पारस गोयल/मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां करनाल हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण टक्कर में टेंपो सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है.

करनाल हाईवे पर हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सरधना क्षेत्र के दबथुआ गांव के पास करनाल हाईवे पर शटरिंग का सामान लादकर एक टेंपो जा रहा था. इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.

मृतकों की हुई शिनाख्त
इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान कर ली गई है. मृतकों में रमेश (55 वर्ष), अमर (26 वर्ष) और सुशील (36 वर्ष) शामिल हैं. ये तीनों ही मेहनत-मजदूरी कर अपने-अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे थे. अचानक हुई इस अप्रत्याशित घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

पुलिस ने शवों को भेजा मोर्चरी, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व पहचान के लिए पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है. इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है.  पुलिस ने फरार चालक की गिरफ्तारी और ट्रक की पहचान के लिए कई टीमों का गठन कर दिया है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा.

दिल्ली-हापुड़ हाईवे पर दो पिकअप वाहनों की टक्कर
दिल्ली-हापुड़ हाईवे पर थाना मसूरी के सामने फ्लाईओवर पर दो पिकअप वाहनों की टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई. हादसे में एक पिकअप के केबिन में दो लोग बुरी तरह फंस गए. सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली गाजियाबाद की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और हाइड्रोलिक कटर व स्प्रेडर की मदद से दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला.बिजनौर से दिल्ली की ओर जा रहा अशोक लेलैंड पिकअप थाना मसूरी के सामने फ्लाईओवर पर खड़ा था. इसी दौरान शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जा रहे अल्ट्रा मैजिक पिकअप ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी तेज थी कि दूसरे वाहन का अगला इंजन वाला हिस्सा अंदर की ओर धंस गया और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. उसमें सवार सुनील कुमार और जोगेंद्र सिंह अंदर फंस गए. सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली की रेस्क्यू टीम उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने सावधानीपूर्वक हाइड्रोलिक कटर और स्प्रेडर की सहायता से वाहन के क्षतिग्रस्त लोहे के हिस्सों को काटकर और फैलाकर रास्ता बनाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला गया. इसके बाद मौके पर मौजूद एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More