)
अमित त्रिपाठी/महराजगंज: आपने अक्सर लोगों को सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर अधिकारियों से गुहार लगाते देखा होगा लेकिन जब अपनी समस्या बताने के लिए मासूम बच्चों को खुद सामने आना पड़े तो यह व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. ऐसा ही एक मामला महराजगंज के फरेंदा कस्बे से सामने आया है जहां बदहाल सड़क और जलभराव से परेशान मासूम बच्चों ने हाथ जोड़कर डीएम अंकल से सड़क बनवाने की गुहार लगाई है. बच्चों का यह भावुक वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
जलभराव और बदहाल सड़क से परेशान हैं मासूम
तस्वीरें महराजगंज जनपद के नगर पंचायत आनंदनगर की हैं, जहां वार्ड नंबर 11 में फरेंदा उत्तरी बाईपास के पास मुख्य सड़क पर भयंकर जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है. लंबे समय से खराब पड़े इस रास्ते और गंदे पानी के जमाव ने स्थानीय रहवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है. इसी समस्या से तंग आकर कुछ मासूम बच्चों ने एक वीडियो बनाया, जो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है. बदहाल रास्ता और सड़क पर जमा पानी लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है. इसी समस्या से परेशान मासूम बच्चों ने वीडियो बनाकर सीधे जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल से अपनी फरियाद लगाई है.
'डीएम अंकल, सड़क बनवा दीजिए'
वायरल वीडियो में तीन बच्चे हाथ जोड़कर कहते नज़र आ रहे है कि डीएम अंकल राम-राम सड़क पर पानी लगा हुआ है हमारी समस्या दूर करवा दीजिए और सड़क बनवा दीजिए. मासूमों की इस अपील में परेशानी भी है और बेहतर रास्ते की उम्मीद भी.
अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार
मासूमों की इस अपील में उनकी परेशानी साफ झलक रही है. इस वीडियो के सामने आने के बाद से स्थानीय लोगों में भी प्रशासन के प्रति नाराजगी है. सवाल यह है कि जब सड़क पर जलभराव के चलते बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है तो आखिर इस समस्या का समाधान कब होगा? फिलहाल क्षेत्रवासियों को जिला प्रशासन की पहल का इंतजार है ताकि बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके.
उम्मीद: वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों को जिला प्रशासन द्वारा जल्द सड़क मरम्मत और जलभराव दूर करने की कार्रवाई की उम्मीद जगी गई है.