रसूख के आगे हारी इंसानियत: ग्राम प्रधान की स्कॉर्पियो ने बुजुर्ग को कुचला, सड़क किनारे तड़पता छोड़ भागे, CCTV ने खोली पोल
इटावा में ग्राम प्रधान की स्कॉर्पियो-N ने बुजुर्ग को कुचल दिया. जिसके बाद आरोपी बुजुर्ग को सड़क किनारे तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गए. हैरानी की बात यह है कि अस्पताल 50 मीटर ही दूर था. इसके बावजूद आरोपी फरार हो गए.
इटावा में सफेदपोश ग्राम प्रधान की दबंगई और इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि ग्राम प्रधान की स्कॉर्पियो-N ने सड़क किनारे बैठे 65 वर्षीय बुजुर्ग को कुचल दिया. बुजुर्ग गाड़ी के नीचे फंस गए तो उन्हें बाहर निकालकर सड़क किनारे तड़पता छोड़ दिया गया. हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से महज 50 मीटर दूर अस्पताल था, लेकिन बुजुर्ग को इलाज के लिए ले जाने की जहमत तक नहीं उठाई गई.
ग्राम प्रधान की भूमिका पर गंभीर सवाल
आखिरकार बुजुर्ग की मौत हो गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सफेदपोश ग्राम प्रधान की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. पूरा मामला इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित लॉयन सफारी रोड का है. जहां 65 वर्षीय तुलसीराम गाय को भगाने के बाद थकान के चलते सड़क किनारे बैठ गए थे. इसी दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो-N वहां पहुंची और बुजुर्ग को कुचलते हुए निकल गई. बुजुर्ग गाड़ी के नीचे फंस गए.
सड़क किनारे तड़पते रहे बुजुर्ग, आरोपी फरार
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि गाड़ी सवार लोग बुजुर्ग को नीचे से खींचकर बाहर निकालते हैं, लेकिन उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय सड़क किनारे तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो जाते हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर अस्पताल मौजूद था. समय रहते इलाज मिल जाता तो शायद बुजुर्ग की जान बच सकती थी, लेकिन मदद के अभाव में तुलसीराम ने दम तोड़ दिया.
पुलिस की कार्रवाई पर टिकी सबकी निगाहें
परिजनों का आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार लोग ग्राम पंचायत बुलाकीपुर लुहन्ना के ग्राम प्रधान (प्रशासक) धीर सिंह राजपूत और उनके परिवार जन हैं. परिजन ग्राम प्रधान पर जानबूझकर गाड़ी चढ़ाने और हत्या का आरोप लगा रहे हैं. अब सीसीटीवी फुटेज ने सफेदपोश ग्राम प्रधान की भूमिका को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सवाल यह है कि जब महज 50 मीटर दूर अस्पताल था, तो आखिर घायल बुजुर्ग को बचाने की कोशिश क्यों नहीं की गई? क्या सत्ता और रसूख का रौब इंसानियत से भी बड़ा हो गया? अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं.
दिन में घटी घटना को सभी लोग एक हादसा मानते रहे, लेकिन जब परिजनों ने सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो पैरों तले जमीन खिसक गई. आरोप है कि प्रधान या उसके बेटे ने हादसे का जिक्र नहीं किया, लेकिन सीसीटीवी ने प्रधान की पोल खोलकर रख दी है.
(इटावा से अन्नू चौरसिया की रिपोर्ट)