)
बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया. शुक्रवार शाम करीब छह बजे एक महिला अपनी तीन मासूम बच्चियों को साथ लेकर घर से निकली और लखनऊ-अयोध्या रेलखंड पर पहुंच गई. वहां तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से मां और तीनों बेटियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. एक ही परिवार की चार जिंदगियों के यूं अचानक खत्म होने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
बाजार से लौटा पति तो उजड़ चुका था संसार
मृतका की पहचान गांधीनगर निवासी रामतेज पाल की पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है. इस घटना में किरण देवी के साथ उनकी आठ वर्षीय बेटी काव्या और सात वर्षीय जुड़वां बेटियां अनुष्का व कनिष्का की जान चली गई. घटना के वक्त घर का माहौल सामान्य था. रामतेज पाल अपनी सबसे बड़ी बेटी को साथ लेकर बाजार में कपड़े खरीदने गए थे. उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जब वह घर लौटेंगे, तो उनका पूरा परिवार उजड़ चुका होगा.
ट्रेन की चपेट में आकर चार लोगों की मौत
मृतका के पति रामतेज पाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं. पति रामतेज पाल का कहना है कि किरण की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी. शुक्रवार दोपहर वह दवा लेकर आए थे. इसके बाद बड़ी बेटी रिया को साथ लेकर कपड़े खरीदने बाजार चले गए. इसी दौरान किरण तीनों बच्चों को लेकर घर से निकल गईं और रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं. ट्रेन की चपेट में आने से चारों की मौत हो गई.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. उसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह के मुताबिक, मृतका के पति का कहना है कि महिला बीमारी से परेशान थीं. परिवार के लोग उनकी तबीयत को लेकर चिंतित रहते थे.
मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख
इस मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे मृतकों के परिवारों से संपर्क करें और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करें. उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि मृतकों के शव उनके परिवारों तक पहुंचाए जाएं.