)
मयूर शुक्ला/लखनऊ: दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) ने बड़ी राहत का ऐलान किया है. त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए लखनऊ से प्रदेश के 10 प्रमुख शहरों के लिए हर 10 मिनट पर रोडवेज बसें उपलब्ध कराई जाएंगी. परिवहन विभाग 6 से 17 नवंबर तक यह विशेष व्यवस्था लागू करेगा. इसके तहत चिन्हित रूटों पर हर 10 मिनट में रोडवेज बस उपलब्ध कराने की योजना है.
Transport डिपार्टमेंट के सर्वे में सामने आया है कि त्योहारों के सीजन में लखनऊ से कुछ मार्गों पर बहुत ज्यादा यात्रियों की आवाजाही रहती है. इसी आधार पर इन रूटों को विशेष बस संचालन के लिए चुना गया है. इनमें कानपुर, दिल्ली, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, सीतापुर, रायबरेली, सुल्तानपुर-बरेली और बहराइच के मार्ग शामिल हैं.
लखनऊ से कानपुर
लखनऊ से दिल्ली
लखनऊ से अयोध्या
लखनऊ से वाराणसी
लखनऊ से प्रयागराज
लखनऊ से गोरखपुर
लखनऊ से सीतापुर
लखनऊ से रायबरेली
लखनऊ से सुल्तानपुर/ बरेली
लखनऊ से बहराइच
त्योहार के दौरान इन चिन्हित मार्गों पर 80 से 100 बसों का बेड़ा संचालित करने की योजना है. परिवहन विभाग का लक्ष्य है कि यात्रियों को बसों के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े और भीड़ के समय भी आवागमन सुचारू बना रहे.
यह विशेष बस सेवा 6 नवंबर से शुरू होकर 17 नवंबर तक चलेगी. दिवाली के आसपास घर जाने और त्योहार के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है. दिवाली के दौरान ट्रेनों में भीड़ और टिकटों की उपलब्धता की समस्या के बीच रोडवेज की यह पहल यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त विकल्प बन सकती है.
दीपावली-छठ पर्व के दौरान बसों का संचालन सुचारु रखने के लिए परिवहन निगम ने चालकों, परिचालकों और कार्यशाला कर्मियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है. संविदा और आउटसोर्स कर्मियों के लिए: 6 से 17 नवंबर तक लगातार 11 से 12 दिन बिना छुट्टी लिए, हर दिन औसत 300 किलोमीटर बस संचालन करने पर 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 4,400 से 4,800 रुपये तक का एकमुश्त प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा. तय सीमा से ज्यादा किमी चलाने पर 55 पैसे प्रति किमी अतिरिक्त भुगतान मिलेगा. इलेक्ट्रिक बस चालकों को 3,300 किमी की दूरी पूरी करने पर 1,000 रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा. कार्यशाला के तकनीकी कर्मियों के लिए 2,100 से 2,500 रुपये तक का विशेष मानदेय दिया जाएगा.