)
अगर आप बेंगलुरु से मुंबई या मुंबई से बेंगलुरु का घंटों-घंटों लंबा सफर करके परेशान हैं तो इस खबर को पढ़कर आप खुश हो जाएंगे. जी हां, भारतीय रेलवे की शान कही जाने वाली वंदे भारत स्लीपर अब इस रूट पर भी दौड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है. यह देश की तीसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी. साउथ वेस्टर्न रेलवे (SWR) जोन की तरफ से इस प्रीमियम ट्रेन को ऑपरेट और मेंटेन किया जा रहा है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज इस सेमी-हाई-स्पीड लग्जरी ट्रेन को बेंगलुरु से हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है. ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने से पहले ही इस रूट पर टिकट बुकिंग को लेकर मारामारी हो रही है.
टिकट बुकिंग का आलम यह है कि कुछ ही घंटे में वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच गई. यदि आप भी इस ट्रेन से यात्रा करने का प्लान कर रहे हैं तो आपको इसके किराये और स्टॉपेज से जुड़ी जानकारी जरूरी होनी चाहिए. बेंगलुरु से मुंबई के बीच चलने वाली इस स्लीपर ट्रेन का काफी लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था. ट्रेन की बुकिंग 31 अक्टूबर की सुबह 8 बजे IRCTC के पोर्टल के जरिये शुरू की गई थी. लेकिन आलम यह रहा कि टिकट कुछ ही घंटों के अंदर पूरी तरह बुक हो गई और अब वेटिंग चल रहा है.
यदि आप IRCTC के ऐप या वेबसाइट पर ट्रेन नंबर 27652 (SMVT बेंगलुरु से CSMT मुंबई वंदे भारत) की सीट चेक करेंगे तो आपको हर क्लास में जबरदस्त डिमांड देखने को मिलेगी. पहले दिन की सेकेंड एसी (2AC) और फर्स्ट एसी (1AC) की सीट पूरी तरह बुक हो गई हैं. आने वाले दिनों की बुकिंग का हाल भी कुछ इसी तरह का है. इस ट्रेन में टिकट को लेकर लोगों के बीच भारी डिमांड देखी जा रही है-

ट्रेन के टाइम टेबल को यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. इस ट्रेन से यात्री रातभर आराम करते हुए अपने सफर को तय कर सकेंगे. पहले इस सफर को तय करने में 23 घंटे लग जाते थे. लेकिन अब वंदे भारत स्लीपर के जरिये इसे 16 घंटे में पूरा किया जा सकेगा. ट्रेन नंबर 27652 बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस एसएमवीटी बेंगलुरु स्टेशन से शाम को 19:45 बजे (7:45 बजे) रवाना होगी. इसके बाद ट्रेन रातभर का सफर तय करके अगले दिन सुबह 11:55 बजे सीएसएमटी मुंबई पहुंच जाएगी.
आपको बता दें यह ट्रेन हफ्ते में 6 दिन ही संचालित की जाएगी. सोमवार के दिन ट्रेन का ऑपरेशन नहीं होगा और इस दिन ट्रेन के कोच की मेंटेनेंस और रूटीन चेकअप किया जाएगा. इस रूट पर रेलवे की तरफ से कुल दो वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के सेट को लगाया गया है. बेंगलुरु से मुंबई के बीच सफर के दौरान यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 8 प्रमुख रेलवे स्टेशन पर हॉल्ट करेगी.