App

2028 के लिए बेनीवाल का 'सुनामी' वाला दावा, अपनी पार्टी की कमियां भी गिनाईं, कार्यकर्ताओं को लेकर क्या बोले बेनीवाल?

सीकर के कासली गांव में सभा के दौरान हनुमान बेनीवाल ने 2028 में राजस्थान में RLP की सुनामी आने का दावा किया. उन्होंने पार्टी की कमियां गिनाईं, कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बात की और कांग्रेस-भाजपा पर RLP कार्यकर्ताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश का आरोप लगाया.

2028 के लिए बेनीवाल का 'सुनामी' वाला दावा, अपनी पार्टी की कमियां भी गिनाईं, कार्यकर्ताओं को लेकर क्या बोले बेनीवाल?
Image Credit: Hanuman Beniwal

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने 2028 के राजस्थान चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है. सीकर जिले के कासली गांव में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि अभी यह सिर्फ एक चिंगारी है, जो 2028 में राजस्थान में सुनामी का रूप ले लेगी. इस दौरान बेनीवाल ने अपनी पार्टी की कमियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी खुलकर बात की.

कुछ जगह टिकट नहीं बांट पाए, कार्यकर्ताओं से भी हुई चूक

मीडिया से बातचीत में बेनीवाल ने माना कि कुछ जगहों पर RLP टिकट नहीं बांट पाई और पार्टी में कुछ कमियां भी रहीं. उन्होंने कहा कि सरकार भी उनके खिलाफ रही. कुछ जगह कार्यकर्ताओं ने भी समझदारी से काम नहीं लिया.

बेनीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा ने RLP के कार्यकर्ताओं को अपने साथ एडजस्ट करने और सेट करने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायतें भी पार्टी तक पहुंची हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जहां-जहां RLP चुनाव लड़ रही है, वहां पार्टी को मिलने वाले वोटों से उसकी स्थिति का अंदाजा लगेगा.

राजस्थान में कई जिला प्रमुख और प्रधान बनाने का दावा

बेनीवाल ने दावा किया कि राजस्थान में आने वाले समय में RLP के कई जिला प्रमुख और प्रधान बनेंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी को मिल रहा प्यार और समर्थन लगातार बढ़ेगा. उनके मुताबिक, मौजूदा चुनाव में दिख रही ताकत आगे चलकर 2028 में बड़े रूप में सामने आएगी.

डोटासरा पर भी कसा तंज

कासली की जनसभा में बेनीवाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि डोटासरा आगे रहेंगे या नहीं, यह वक्त बताएगा. उन्हें ऊपर से हरी झंडी मिलने के बाद ही उनका नंबर आएगा और उन्हें हटाया भी जा सकता है. RLP में टिकट वितरण को लेकर बेनीवाल ने कहा कि पार्टी के टिकट वह खुद बांटेंगे. उन्होंने RLP को किसान और जवानों की पार्टी बताया और कहा कि यह हमेशा हनुमान बेनीवाल की पार्टी रहेगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashok Singh Shekhawat

Ashok Singh Shekhawat

अशोक सिंह शेखावत सीकर (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 23 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में सीकर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।विज्ञान, विधि (LL.B.), फार्मास्यूटिकल्स और पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त शेखावत जी ने अपने करियर की शुरुआत राजकीय अस्पताल, झुंझुनूं में 7 वर्षों तक बतौर फार्मासिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कदम रखते हुए राजस्थान पत्रिका, इंडिया टुडे और ईटीवी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR, राजस्थान) से अधिस्वीकृत पत्रकार (संख्या: 1410) के रूप में उन्हें रक्षा व शहीद परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए वे सीकर व झुंझुनूं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी हो चुके हैं।
Read More