)
बहराइच/राजीव शर्मा: बहराइच में रास्ते के विवाद में एक युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया. वहीं पति को बचाने पहुंची पत्नी को भी दबंगों ने बुरी तरह पीट कर घायल कर दिया. आरोप है कि रास्ते के विवाद को लेकर पड़ोस के 5 दबंगों ने नंद कुमार पर धावा बोलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पति की चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंची पत्नी को भी हमलावरों ने पीट दिया. ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग निकले.
पुलिस पीड़ित महिला की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
क्या है पूरा मामला
कोतवाली देहात के रेड़ालाल गांव निवासी नंद कुमार (30) का पड़ोसियों से घर से निकलने वाले पुराने रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था. पत्नी मीरा देवी के मुताबिक गांव निवासी रामकुमार, अमरजीत, मंजीत, विश्राम और भदई रास्ते पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे. इसका नंद कुमार और परिवार के लोग विरोध करते थे. इसी रंजिश में आरोपी अचानक घर पर पहुंच गए. कहासुनी के बाद उन्होंने नंद कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. पति की चीख सुनकर मीरा देवी उन्हें बचाने दौड़ीं तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की.
अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी नंद कुमार को गंभीर हालत में छोड़कर धमकी देते हुए भाग गए. ग्रामीण उसे मेडिकल कॉलेज ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. क्षेत्राधिकारी नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर पर पांच लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है. पहले तीन और फिर बाद में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले में जांच जारी है और कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी.