App

आजम खान की रिहाई पर प्रमोद तिवारी का बयान: कांग्रेस सांसद बोले- कोर्ट का आदेश सरकार के मुंह पर तमाचा

सपा नेता आजम खान की रिहाई पर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है. वहीं, कांग्रेस राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने आजम खान की रिहाई वाले आदेश पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.

आजम खान की रिहाई पर प्रमोद तिवारी का बयान: कांग्रेस सांसद बोले- कोर्ट का आदेश सरकार के मुंह पर तमाचा
Image Credit: ANI X

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई पर कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि अदालत ने जो आदेश दिया है, वह केंद्र और प्रदेश सरकार के मुंह पर एक जोरदार तमाचा है. प्रमोद तिवारी ने कहा है कि कोर्ट का यह फैसला है उसका सिर झुकाकर सम्मान होना चाहिए. प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस बार कोर्ट का जो आदेश आया है, उससे एक कड़ा संदेश गया है कि ऐसा मत करो.

इंकलाब वाले बयान पर क्या कहा?

वहीं, रिहाई के बाद आजम खान के इंकलाब वाले बयान का भी कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि ये तय हो गया है और जनता ने भी मन बना लिया है, जनता को बस तारीख का इंतजार है. प्रमोद तिवारी ने कहा कि लोगों में काफी गुस्सा और नाराजगी है सरकार के खिलाफ, मेरा अनुभव कह रहा है कि कांग्रेस और सपा दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.

बीजेपी को प्रदेश बर्बाद होने से रोकना उद्देश्य

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो चुका है, सीट शेयरिंग के मुद्दे पर हम दोनों उन सीटों पर लड़ेंगे जो एक दूसरे को जितवा सकें. प्रमोद तिवारी ने साफ कहा है कि कांग्रेस और सपा का पहला उद्देश्य है कि भाजपा की सांप्रदायिकता, जुल्म ढाने और प्रदेश को बर्बादी से बचाने के लिए एक साथ हैं.


भाजपा की मथुरा बैठक पर कसा तंज

कांग्रेस सांसद प्रमोद​ तिवारी ने मथुरा में हुई बीजेपी की चिंतन बैठक को लेकर भी तंज कसा है. मथुरा में भाजपा की बैठक को लेकर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि बीजेपी वहां सेवा के नाम पर मेवा पाने गई है. वहीं, कांग्रेस नेता के बयान पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने हमला बोला है. योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि हमारे लिए हमारे सभी आराध्य पूजनीय हैं. श्रीराम हों या भगवान शंकर सभी हमारे आराध्य हैं. जिनका सनातन से कोई लेना देना नहीं है उनके बयान पर क्या कहा जाए. जिन्होंने प्रभु श्री राम के अस्तित्व को ही नकारा वो क्या जाने सनातन के बारे में. 

(प्रयागराज से मोहम्मद गुफरान और आगरा से कपिल अग्रवाल की रिपोर्ट)


 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More