)
बिलासपुर के सीपत इलाके के ग्राम पंचायत गुड़ी की महिलाएं वेतन भुगतान की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं हैं. जहां महिलाओं का कहना है कि वे पिछले लंबे समय से गांव में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम कर रही हैं, लेकिन उन्हें पिछले 18 महीने से वेतन नहीं दिया गया है.
महिलाओं ने बताया कि काम शुरू होने के बाद शुरुआती छह महीने तक वेतन तो समय पर दिया गया था. लेकिन उसके बाद से अब तक उन्हें एक भी महीने का भुगतान नहीं किया गया है. महिलाओं ने बताया कि वे लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए घर-घर जाकर कचरा एकत्रित कर रही थीं. इसके बावजूद लंबे समय से मेहनताना नहीं मिलने के कारण अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
उनका मानना है कि बिना वेतन के लगातार काम करना उनके लिए मुश्किल हो गया है. दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसी समस्या को लेकर महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और प्रशासन से लंबित वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग की है.
ग्राम पंचायत गुड़ी से आई शर्मिला साहू ने ZEE मीडिया टीम को बताया कि छह लोग कचरा कलेक्शन का काम करते हैं. उन्हें लगभग 18 महीने से मानदेय नहीं मिला है, जिसके लिए वे आवेदन देने आए हैं. उन्होंने कहा कि सरपंच और सचिव से बात करने पर बताया गया कि ऊपर से मानदेय नहीं आया है. पहले सिर्फ एक बार 6 महीने का मानदेय मिला था, जबकि अब कहा जा रहा है कि एक साल का मानदेय ग्राम पंचायत से देंगे और आगे की कार्रवाई वे खुद देख लें.
ये भी पढ़ेंः 5 से 10 लाख रुपये में बेचे जाते थे नवजात शिशु, ओडिशा की बंधक महिला ने खोली पोल; रायपुर में मास्टरमाइंड समेत 3 महिलाएं गिरफ्तार
गौरतलब है कि कचरा कलेक्शन का काम करने वाली महिलाओं की तरफ से अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार वेतन भुगतान नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर घर-घर जाकर स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने वाली इन महिलाओं को समय पर मेहनताना क्यों नहीं मिल रहा है? प्रशासन को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए बकाया वेतन भुगतान को लेकर जल्द ठोस पहल करनी चाहिए.
(रिपोर्टः शैलेंद्र सिंह ठाकुर, बिलासपुर)