App

मेरठ में गरजे सीएम योगी, बोले-पीएम मोदी के नेतृत्व में आतंकियों की हेकड़ी निकाली

यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी की सियासत गरमाने लगी है. क्रांतिधरा मेरठ शनिवार को एक बड़े सियासी घटनाक्रम का गवाह बनने जा रहा है.यहां एक ही दिन मुख्यमंत्री योगी और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की जनसभाएं हैं.

मेरठ में गरजे सीएम योगी, बोले-पीएम मोदी के नेतृत्व में आतंकियों की हेकड़ी निकाली
Image Credit: Purva Sainik Rally

मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक रैली को संबोधित किया. कार्यक्रम में पूर्व सैनिक और उनके परिवार के सदस्य शामिल हुए. इस दौरान सेंट्रल आर्मी कमांडर के चीफ भी मौजूद रहे. सीएम योगी ने वीरता पुरस्कार की राशि दोगुना करने का ऐलान किया.

सीएम योगी का बड़ा ऐलान

सीएम योगी ने वीरता पुरस्कार राशि दोगुना करने का ऐलान किया.

सैनिक कभी रिटायर नहीं होता

मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित मेगा पूर्व सैनिक रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सैनिकों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है. सैनिक कभी रिटायर नहीं होता, उसकी वर्दी बदल सकती है, लेकिन देश सेवा का संकल्प कभी नहीं बदलता.

सीएम योगी ने कहा कि जब जवान सीमा पर जागता है, तभी देश के लोग चैन की नींद सोते हैं. सैनिक कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए देश की सुरक्षा करते हैं. सुरक्षित देश ही विकास कर सकता है. सीएम ने कहा कि अगर देश में सुरक्षित माहौल नहीं होगा तो विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती.

मेरठ के विकास का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने मेरठ के ऐतिहासिक महत्व और विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि मेरठ ने देश की क्रांति को एक धारा में पिरोने का काम किया है. पहले मेरठ में डर का माहौल रहता था, लेकिन अब यहां रैपिड रेल चल रही है. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से क्षेत्र की रफ्तार बढ़ी है.

उन्होंने कहा कि पहले किसानों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पाती थीं. आज प्रदेश में विकास के साथ सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है. मेरठ खेल उद्योग के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित कर चुका है.

पीएम मोदी के नेतृत्व में आतंकियों को जवाब

सीएम योगी ने कहा कि आज गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवादी हमले करने वालों की हेकड़ी निकाल दी गई है. उन्होंने पूर्व सैनिकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी जवान अपने गांव और समाज का मार्गदर्शन करता है.उसका अनुभव समाज और देश के लिए महत्वपूर्ण होता है.

सीएम योगी के संबोधन की मुख्य बातें

पहले शहीदों के परिवार का सम्मान नहीं होता था. हम शहीद के परिवार के लिए नौकरी लाए.
शहीदों के नाम पर स्कूल,स्थलों का नाम रखा.
सरकार पेंशन के साथ सैनिक के परिवार को हर मदद दे रही है.
मोदी जी वन रैंक वन पेंशन लाए.
मोदी जी सैनिकों के साथ दिवाली मनाते हैं.
देश की सुरक्षा में यूपी की भागीदारी है.
अब भारत घर में घुसकर मारता है.
यूपी में सैनिक स्कूलों का विस्तार हुआ है.
भारत का डिफेंस एक्सपोर्ट बढ़ रहा है.
ब्रह्मोस ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ाए.

मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनकी समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री के संबोधन को लेकर कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों में खासा उत्साह देखा गया. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए.

रैली में पूर्व सैनिकों की पेंशन, बैंकिंग, दस्तावेजों और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा होगी. इसका उद्देश्य पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही राष्ट्र सेवा में उनके योगदान, शौर्य और बलिदान को सम्मान देना है.

मेरठ में ओवैसी की रैली, चंद्रशेखर से गठबंधन की चर्चा के बीच नजरें टिकीं

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी शाम 7 बजे मेरठ के नौचंदी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी में यह रैली काफी अहम मानी जा रही है. ओवैसी मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं. खास बात यह है कि यह रैली ऐसे समय हो रही है, जब चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के साथ उनके गठबंधन को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं. ऐसे में मेरठ की जनसभा के जरिए ओवैसी मुस्लिम समुदाय को राजनीतिक भागीदारी और गठबंधन की ताकत का संदेश देने की कोशिश कर सकते हैं.

एक शहर, दो रैलियां और 2027 की तैयारी

मेरठ में एक ही दिन मुख्यमंत्री योगी और असदुद्दीन ओवैसी की रैलियां होना पश्चिमी यूपी की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है. एक तरफ भाजपा पूर्व सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रवाद के मुद्दे को धार देने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ ओवैसी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं. अब नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों नेताओं की सभाओं से पश्चिमी यूपी की राजनीति को क्या संदेश मिलता है और 2027 के चुनाव से पहले कौन किस वोट बैंक को साधने में कामयाब होता है.अब नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों नेताओं की सभाओं से पश्चिमी यूपी की राजनीति को क्या संदेश मिलता है और 2027 के चुनाव से पहले कौन किस वोट बैंक को साधने में कामयाब होता है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More