)
दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित गैंगरेप के मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ साकेत कोर्ट में 450 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. यह चार्जशीट घटना के करीब 60 दिन बाद दाखिल की गई है. आरोप है कि 22 सितंबर को नाबालिग के जन्मदिन के दिन उसे चाकू की नोक पर हवस का शिकार बनाया गया था. मामले में आरोपियों की पहचान आसिफ, हेमंत और मुकेश के रूप में हुई है. पुलिस ने चार्जशीट में पीड़िता और उसकी सहेली समेत कुल 55 गवाहों को शामिल किया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत सामूहिक दुष्कर्म, आपराधिक साजिश, चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी देने से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं. इसके अलावा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और 17 भी लगाई गई हैं.
सूत्रों के मुताबिक, चार्जशीट में तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन की लोकेशन डिटेल, घटनास्थल के आसपास उनकी आवाजाही दिखाने वाले CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और गवाहों के बयान शामिल हैं. पीड़िता के साथ मौजूद उसकी सहेली का बयान भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. तीनों आरोपियों को दिल्ली पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. सितंबर में साकेत कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
जन्मदिन पर मंदिर गई थी नाबालिग, लौटते समय पार्क में हुआ गैंगरेप
FIR में दर्ज पीड़िता के बयान के मुताबिक, घटना 22 सितंबर की है, जिस दिन उसका जन्मदिन था. वह अपनी सहेली के साथ कालकाजी मंदिर गई थी. शाम करीब 7 बजे मंदिर से निकलने के बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचीं. पार्क में प्रवेश करने से पहले उन्होंने चिप्स और पानी की बोतल खरीदी. इसके बाद दोनों गेट नंबर-7 से पार्क के अंदर गईं और एक बेंच पर बैठकर खाने लगीं. आरोप है कि इसी दौरान पीछे से तीन युवक उनके पास पहुंचे.
पीड़िता के बयान के अनुसार, आरोपियों ने उसकी सहेली को पकड़कर थप्पड़ मारा और दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए. इसके बाद दो आरोपियों ने नाबालिग को पास की झाड़ियों की ओर चलने के लिए कहा. पीड़िता ने उनसे बात करने और अपनी मां से संपर्क कराने की बात कही. इसी दौरान आरोप है कि एक आरोपी ने दूसरे से कहा, "आसिफ भाई, बंदूक निकाल." पीड़िता के मुताबिक, आसिफ ने काले रंग की बंदूक निकालकर उसे दिखाई. इसके बाद तीनों आरोपियों ने चाकू निकाल लिए और उसे पार्क के अंधेरे हिस्से की ओर ले गए.
पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया कि आसिफ ने हेमंत को उसकी सहेली पर नजर रखने के लिए कहा. इसके बाद आसिफ ने उसकी गर्दन पर चाकू लगाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता के मुताबिक, वारदात के बाद आसिफ ने हेमंत को बुलाया और कहा कि वह दीपु को लेकर आएगा. इसके बाद हेमंत उसे पास की एक अन्य जगह पर ले गया, जहां कथित तौर पर चाकू की नोक पर उसके साथ दोबारा यौन हिंसा की गई. पीड़िता के बयान के अनुसार, तीसरे आरोपी को बाकी दोनों दीपु कहकर बुला रहे थे. मामले में पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है.
(Input: ANI)