)
देश के सबसे बड़े कारोबारी घराने टाटा ग्रुप के अंदर पिछले काफी समय से सबकुछ ठीक नहीं चल रहा. पिछले दिनों टाटा संस और नोएल टाटा के बीच का विवाद खुलकर सामने आ गया था. लेकिन अब टाटा संस ने टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की एक मांग को सिरे से खारिज कर दिया है. दरअसल, नोएल टाटा ने 17 सितंबर को हुई बोर्ड मीटिंग की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की मांग की थी, जिसमें एन चंद्रशेखरन को दोबारा टाटा संस का चेयरमैन नियुक्त किया गया था. इस मीटिंग के दौरान नोएल टाटा अकेले ऐसे डायरेक्टर थे जिन्होंने एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का विरोध किया था. इसके बाद यह सवाल किया जाने लगा है कि आखिर टाटा के बोर्डरूम में यह खींचतान क्यों चल रही है? टाटा संस की तरफ से रिकॉर्डिंग को देने से इनकार क्यों कर दिया गया?
टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी सुप्रकाश मुखोपाध्याय ने 9 नवंबर को टाटा ट्रस्ट्स को एक चिट्ठी भेजकर कंपनी के रुख के बारे में जानकारी दी. कंपनी की तरफ से बताया गया कि आमने-सामने होने वाली बोर्ड मीटिंग की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग डायरेक्टर्स के साथ शेयर करने की परंपरा नहीं है. नियमों के अनुसार वीडियो रिकॉर्डिंग की उसी समय जरूरत होती है जब कोई डायरेक्टर ऑनलाइन मीटिंग में जुड़ता है. टाटा संस की तरफ से यह भी साफ किया गया कि ऐसी रिकॉर्डिंग को न तो संभालकर रखना जरूरी है और न ही किसी को दिया जाना.
कंपनी की तरफ से बताया गया कि 17 सितंबर की मीटिंग के ड्राफ्ट मिनट्स 1 अक्टूबर को बोर्ड के ऐप पर अपलोड किये गए थे और 8 अक्टूबर को मिले सुझावों के बाद उनमें जरूरी बदलाव भी किये गए. अगली बोर्ड मीटिंग में जब इस डॉक्यूमेंट को पेश किया जाएगा तब डायरेक्टर्स अपनी बात रख सकते हैं. इसके साथ कंपनी कानून के तहत चंद्रशेखरन की नियुक्ति से जुड़ी जानकारी रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज को भी तय समय के अंदर दे दी गई है.
नोएल टाटा की तरफ से बोर्ड मीटिंग की रिकॉर्डिंग मांगे जाने के पीछे एन चंद्रशेखरन के कामकाज और कंपनी के भविष्य को लेकर चल रहे गहरे मतभेद हैं. सबसे बड़ा मामला टाटा संस की शेयर बाजार लिस्टिंग को लेकर है. नोएल टाटा की तरफ से यह माना जा रहा है कि होल्डिंग कंपनी को पब्लिक होने से रोकने के लिए चंद्रशेखरन ने जरूरी कदम नहीं उठाए. इस पर चंद्रशेखरन का कहना है कि आरबीआई के नियमों के अनुसार कंपनी को कानून का पालन करना होगा. 2017 से चंद्रशेखरन के कार्यकाल में लिये गए बड़े फैसलों जैसे एयर इंडिया, डिजिटल वेंचर्स और इलेक्ट्रॉनिक्स बिजनेस के प्रदर्शन पर भी नोएल टाटा की तरफ से चिंता जाहिर की गई.
रिपोर्ट्स के अनुसार 17 सितंबर को बॉम्बे हाउस में हुई मीटिंग में नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के कानूनी आधार और शेयरहोल्डर्स की मंजूरी पर सवाल उठाए थे. वह मीटिंग बीच में ही छोड़कर चले गए थे. उनके जाने के एक घंटे के अंदर ही टाटा संस ने चंद्रशेखरन की नियुक्ति का पब्लिकली ऐलान कर दिया था. दिलचस्प बात यह रही कि टाटा ट्रस्ट्स के दूसरे नॉमिनी डायरेक्टर वेणु श्रीनिवासन ने खुद चंद्रशेखरन के पक्ष में वोट किया.