)
छठ महापर्व चल रहा है और आज यानी 14 नवंबर को खरना का दिन है. सूर्यदेव और छठी मईया की इस दिन उपासना कर शाम के समय खीर और रोटी का सेवन कर खरना की विधि पूरी की जाएगी. छठ पूजा से जुड़े अनेक नियम हैं जिनको निभाना जरूरी होता है. वहीं, कई ऐसी परंपराएं हैं जिनका पालन करने से जुड़ी कई मान्यताएं हैं. जिनका अपना एक धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी होता है. इसी तरह छठ पूजा से जुड़ी एक परंपरा है जो सदियों से चली आ रही है. परंपरा यह है कि इस पूजा में सुहागिन व्रती महिलाएं मांग से लेकर नाक तक लंबा सिंदूर लगाती हैं और सिंदूर का रंग लाल न होकर नारंगी होता है. आइए जानें इसके पीछे का कारण क्या है और छठ पूजा में नारंगी रंग के सिंदूर का ही क्यों इस्तेमाल किया जाता है.
वैसे तो छठ पूजा में महिलाएं सोलह शृंगार करती हैं और पारंपरिक रूप से साड़ी पहनती हैं. उनके शृंगार में तो सबसे आकर्षक बात होती है वो उनका सिंदूर होता है. ध्यान दें जब-जब छठ पर्व आता है तब-तब हम देखते हैं कि छठ पूजा की परंपरा के अनुसार सुहागिन व्रती महिलाएं अपनी नाक से मांग तक एक सीध में सिंदूर लगाती है. ऐसा करने के पीछे की धार्मिक और लोक मान्यता ये है कि इस तरह से लंबा सिंदूर लगाने से अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है और पति की आयु लंबी होती है. परिवार में सुख समृद्धि आती है. मान्यता है कि छठ पूजा का सिंदूर जितना लंबा होता है उतनी ही महिलाएं अपने सुहाग की मंगलकामना श्रद्धा और समर्पण के साथ करती हैं. ऐसा करने से परिवार की रक्षा होती है.
लोक मान्यता है कि जब छठ पूजा के शुभ मौके पर नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाया जाता है तो छठी मईया और सूर्य देव प्रसन्न दोनों ही व्रती से प्रसन्न होते हैं और आशीर्वाद देते हैं. जिससे पूरे साल तक परिवार पर मां छठी और सूर्य देव की कृपा बनी रहती है. घर में सुख-समृद्धि आती है और संतान प्राप्ति होती है.
धार्मिक मान्यता है कि छठ पूजा में जो सिंदूर महिलाएं लगाती हैं वो नारंगी और गहरे केसरिया रंग का होता है जिसका विशेष महत्व है. दरअसल नारंगी रंग हिंदू परंपरा में एक अति पवित्र रंग माना जाता है. यह रंग ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का प्रतीक है. नारंगी हो या गहरा केसरिया रंग यह सूर्य देव का रंग माना जाता है. उषा काल में और प्रत्युषा काल में सूर्य देव नारंगी या केसरिया रंग के ही दिखाई देते हैं. इस तरह यह रंग जीवन, प्रकाश और ऊर्जा को भी दर्शाता है. वहीं, छठ महापर्व में सूर्य देव की उपासना करने का विधान है. इस तरह सिंदूर के नारंगी रंग को सूर्य देव के तेज और सकारात्मकता से जोड़ा जाता है.
(डिस्क्लेमर- यह लेख सामान्य जानकारी और लोक मान्यताओं पर आधारित है, इसका उद्देश्य धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं है, परंपरा अपनाने से पहले विद्वान से परामर्श करें, कृपया सावधानी बरतें.)