SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

258 वोटों से जीते BJP विधायक का चुनाव रद्द, हलफनामे में ऐसी क्या गलती हुई कि हाईकोर्ट ने सुनाया फैसला?

बिजनौर की नहटौर सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया. हलफनामे में चार साल की आय का ब्योरा नहीं देने पर फैसला, 15 दिन की मिली राहत.

Edited By Preeti Chauhan
Published: Nov 27, 2026, 14:20 IST | Updated: Nov 27, 2026, 14:24 IST
Image Credit: Allahabad Highcourt
Join

राजवीर चौधरी/बिजनौर: उत्तर प्रदेश की नहटौर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है. 2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने राष्ट्रीय लोकदल के उम्मीदवार मुंशी राम को महज 258 वोटों से हराया था. करीब चार साल बाद आए इस फैसले ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. कोर्ट ने नामांकन के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे में आय का पूरा ब्योरा नहीं देने को गंभीर खामी माना है. हालांकि, हाईकोर्ट ने ओम कुमार को सुप्रीम कोर्ट में अपील के लिए 15 दिन की सीमित राहत भी दी है.

हलफनामे में क्या गलती हुई?

आरएलडी उम्मीदवार मुंशी राम ने 2022 में ही ओम कुमार के निर्वाचन को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल की थी. याचिका में आरोप था कि ओम कुमार ने नामांकन के समय फॉर्म-26 के हलफनामे में अपनी आय से जुड़ी जरूरी जानकारी पूरी तरह नहीं दी थी. हाईकोर्ट के फैसले के अनुसार, ओम कुमार ने वित्त वर्ष 2021-22 की आय का ब्योरा तो दिया था, लेकिन इससे पहले के चार वित्त वर्षों यानी 2017-18 से 2020-21 तक की आय वाले कॉलम खाली छोड़ दिए थे. नियमों के तहत उम्मीदवार को पिछले पांच वित्त सालों की आय का विवरण देना अनिवार्य है. कोर्ट ने माना कि यह मामूली भूल नहीं, बल्कि अहम जानकारी छिपाने जैसी गंभीर खामी है.  नामांकन स्वीकार किए जाने को अनुचित मानते हुए कोर्ट ने ओम कुमार का निर्वाचन निरस्त कर दिया.

258 वोटों से हुई थी जीत

2022 के विधानसभा चुनाव में नहटौर सीट पर बेहद कांटे का मुकाबला हुआ था. बीजेपी के ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि आरएलडी के मुंशी राम को 77,677 वोट मिले थे. दोनों के बीच जीत का अंतर सिर्फ 258 वोट था. मुंशी राम ने अपनी याचिका में हलफनामे के साथ-साथ मतगणना और VVPAT पर्चियों में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए थे. हालांकि, हाईकोर्ट ने मतगणना और VVPAT से जुड़ी दलीलों को स्वीकार नहीं किया. अदालत ने मुंशी राम को विजयी घोषित करने की मांग भी खारिज कर दी.

15 दिन तक बहस कर सकेंगे, वोट नहीं डाल पाएंगे

हाईकोर्ट ने ओम कुमार को सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल करने के लिए 15 दिन की सीमित अंतरिम राहत दी है. इस दौरान वे अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे और विधानसभा की बहस में हिस्सा ले सकेंगे. लेकिन वे सदन या विधानसभा की समितियों में मतदान नहीं कर पाएंगे. इसके साथ ही उन्हें विधायक के तौर पर कोई आर्थिक लाभ भी नहीं मिलेगा.

ओम कुमार ने क्या कहा?

हाईकोर्ट के फैसले पर बीजेपी विधायक ओम कुमार ने कहा कि वह अदालत के आदेश का सम्मान करते हैं. उन्होंने हलफनामे में गलती होने की बात भी स्वीकार की है. उनका कहना है कि पांच साल के आय और संपत्ति का ब्योरा देना था, लेकिन गलती से केवल एक साल का विवरण ही दिया गया. वहीं, याचिकाकर्ता मुंशी राम ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है. अब इस मामले में आगे की कानूनी लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में होने की संभावना है.

यूपी में कब होंगे पंचायत चुनाव? ग्राम प्रधानों को फिर 6 महीने के लिए बनाया गया प्रशासक

सड़क-श्मशान की जमीन पर नहीं बनेंगी दुकानें, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 18 दुकानदारों की याचिका की खारिज

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES