App

राम और कृष्ण हमारे पूजनीय... नहीं बनाना चाहिए चुनावी मुद्दा, कानपुर में अपर्णा यादव का सपा पर हमला

कानपुर पहुंचीं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि भगवान राम और कृष्ण हमारे पूजनीय हैं, इसलिए इन्हें चुनावी मुद्दा नहीं बनाना चाहिए.

राम और कृष्ण हमारे पूजनीय... नहीं बनाना चाहिए चुनावी मुद्दा, कानपुर में अपर्णा यादव का सपा पर हमला
Image Credit: File Photo

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने भाजपा के 'हमने किया श्रीराम, हम ही करेंगे राधे-राधे, कमल खिला देंगे' वाले पोस्टर का खुलकर समर्थन किया है. गुरुवार को कानपुर पहुंचीं अपर्णा यादव ने कहा कि चुनाव के समय ऐसे नारे चलते रहते हैं. भाजपा की तरफ से जारी किए गए इस तरह के नारों से आम लोगों में एक नई ऊर्जा और जोश आता है. उन्होंने मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि भगवान राम और कृष्ण हमारे पूजनीय हैं, इसलिए इन्हें चुनावी मुद्दा नहीं बनाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि सनातन धर्म के लिए मथुरा मंदिर को और बेहतर बनाने का फैसला सरकार बहुत पहले ही ले चुकी है.

सनातन संस्कृति और धर्म को आगे बढ़ाने के लिए अच्छी शुरुआत

सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मथुरा में कारसेवा के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दिए गए न्योते पर भी अपर्णा यादव ने मीडिया से बातचीत में अपनी बात रखी. उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य की तारीफ करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति और धर्म को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने यह बहुत अच्छी शुरुआत की है. अपर्णा ने कहा कि इस तरह के धार्मिक न्योते दिए जाते हैं और जिन्हें भी यह न्योता मिला है, उन्हें इसे खुशी-खुशी स्वीकार करना चाहिए.

पीडीए रैली में नाबालिग छात्र की मौत दुखद

राजनीतिक बयानबाजी के बीच उन्होंने सपा की पीडीए रैली के दौरान एक नाबालिग छात्र की मौत की घटना को दुखद बताते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की रैली या कार्यक्रम में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आयोग की तरफ से भी यह पक्का किया जाएगा कि इस मामले में जो भी जिम्मेदार है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और दोषियों को सख्त सजा मिले.

अनाथ बेटियों को सुरक्षित हाथों में गोद दिया जा रहा

निरीक्षण के अनुभव बताते हुए अपर्णा यादव ने स्वरूप नगर स्थित बालिका गृह की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और एक अच्छी खबर दी. उन्होंने बताया कि केंद्र में रह रहीं दो छोटी बच्चियां जिनमें से एक डेढ़ साल की और दूसरी 11 महीने की है गोद ली जा रही हैं. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिन बेटियों को कभी उनके माता-पिता ने छोड़ दिया था, आज वे अच्छे घरों और सुरक्षित हाथों में जा रही हैं. वहीं, महिला आश्रय गृहों की जानकारी सार्वजनिक न किए जाने के सवाल पर उन्होंने कानूनी मजबूरियों का हवाला दिया.

20 हजार मामलों को तेजी से निपटाया

उन्होंने यह भी बताया कि सितंबर 2024 में शपथ लेने के महज 20 दिनों के अंदर महिला आयोग की 28 सदस्यों की टीम ने रुके पड़े 20 हजार मामलों को तेजी से निपटाया था. इससे पहले अपने एक दिन के दौरे के तहत अपर्णा यादव ने गोविंद नगर स्थित खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज में शकुन्तला देवी राज शिक्षा सेवा संस्थान द्वारा रखे गए झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जन्मोत्सव एवं वीरांगना सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया. इसके बाद उन्होंने स्वरूप नगर स्थित बालिका गृह का निरीक्षण कर वहां पढ़ने वाली बच्चियों को आयरन की गोली, फल और पढ़ाई का सामान बांटा और वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया.

(कानपुर से प्रवीण पांडेय की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More