)
दिल्ली के शाहदरा जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) के युवा विंग के जिला अध्यक्ष अभिषेक धिंगान के कार्यालय पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी. हमलावरों ने सरेआम करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया.
AAP ऑफिस के पास सिक्किम के राज्यपाल का आवास
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग की घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गोलीबारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंच गए. खास बात यह है कि जिस जगह यह वारदात हुई, उसके ठीक पास सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम का निवास स्थान भी मौजूद है.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.
फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. हमलावरों की पहचान और वारदात के मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
इससे पहले BJP के मंत्री के ऑफिस के बाहर हुई थी फायरिंग
बता दें कि इससे पहले 16 नवंबर को सोनिया विहार स्थित जीरो पुस्ता इलाके में दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के ऑफिक के बाहर हुई फायरिंग हुई थी. इस मामले में एक युवक की हत्या भी हो गई थी. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सत्येंद्र उर्फ सिकंदर को सीमापुरी इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था.