App

आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत, पैरोल उल्लंघन केस में अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी नहीं

राजस्थान हाईकोर्ट ने पैरोल उल्लंघन मामले में आसाराम की गिरफ्तारी पर 23 नवंबर 2026 तक अंतरिम रोक लगा दी है. जोधपुर के रातानाडा थाने में दर्ज FIR को चुनौती देने वाली याचिका पर अगली सुनवाई इसी दिन होगी.

आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत, पैरोल उल्लंघन केस में अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी नहीं
Image Credit: Rajasthan High Court (AI Image)

Rajasthan High Court: पैरोल की शर्तों के उल्लंघन से जुड़े मामले में आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. जोधपुर हाईकोर्ट ने रातानाडा थाने में दर्ज FIR के मामले में अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है. जस्टिस सुनील बेनीवाल की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया. अब इस मामले में अगली सुनवाई 23 नवंबर 2026 को होगी.

पैरोल के बाद 27 अक्टूबर तक करना था सरेंडर
आसाराम जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद थे. उन्हें 3 अगस्त 2026 को 20 दिन की पहली नियमित पैरोल स्वीकृत हुई थी. इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को उन्हें जेल से रिहा किया गया था. पैरोल की शर्तों के मुताबिक उन्हें 27 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक वापस जेल में आत्मसमर्पण करना था.

निर्धारित समय तक जेल नहीं पहुंचने के कारण 28 अक्टूबर को जोधपुर के रातानाडा पुलिस थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई. यह मामला राजस्थान कारागार (संशोधन) अधिनियम, 2015 की धारा 58-बी के तहत दर्ज हुआ था.

चार्टर्ड प्लेन से आने में हुई देरी, कोर्ट में दी दलील
FIR को रद्द कराने के लिए आसाराम की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 528 के तहत हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई. उनकी ओर से अधिवक्ता निशांत बोड़ा और अधिवक्ता यशपाल सिंह राजपुरोहित ने पैरवी की.

याचिका में दलील दी गई कि आसाराम चार्टर्ड प्लेन से जोधपुर आ रहे थे, लेकिन कुछ क्लीयरेंस संबंधी दिक्कतों के कारण विमान 27 अक्टूबर की देर शाम लैंड कर सका. इसके बाद वे रात करीब 10:40 बजे जेल अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण करने पहुंचे थे.

उनकी ओर से कहा गया कि निर्धारित समय निकल जाने के कारण जेल प्रशासन ने उन्हें अंदर नहीं लिया. इसी वजह से उस दिन उनका आत्मसमर्पण नहीं हो पाया और बाद में उनके खिलाफ FIR दर्ज कर दी गई.

सरकारी पक्ष से कोर्ट ने मांगी जानकारी
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने लोक अभियोजक से पूछा कि आसाराम ने वास्तव में किस समय आत्मसमर्पण किया था. इस पर सरकारी वकील विक्रम सिंह राजपुरोहित ने संबंधित जानकारी जुटाने के लिए कोर्ट से कुछ समय मांगा. इसके बाद कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर 2026 तय की. साथ ही तब तक रातानाडा थाने में दर्ज FIR के संबंध में आसाराम की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी. फिलहाल हाईकोर्ट के इस आदेश से आसाराम को राहत मिली है. अब 23 नवंबर को होने वाली सुनवाई में यह मामला आगे बढ़ेगा और आत्मसमर्पण के समय को लेकर सरकारी पक्ष की जानकारी भी सामने आएगी.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rakesh Bhardwaj

Rakesh Bhardwaj

राकेश कुमार भारद्वाज पाली (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 20 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में जोधपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।इतिहास में एमए, विधि (LL.B.)में अध्यनरत, पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त भारद्वाज जी ने अपने करियर की शुरुआत पाली में लॉकल न्यूज चैनल से की इसके बाद उन्होंने दैनिक नवज्योति ,ईटीवी राजस्थान ,जी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं। पाली व जोधपुर में लम्बे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेषकर स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के साथ राजस्थान हाईकोर्ट मुख्यपीठ में पत्रकारिता के लिए जाना जाता है।
Read More