App

हार्ट सर्जन का शौक देख दुनिया रह गई हैरान: घर में जमा कर रखी हैं दिल के शेप वाली 3,200 चीजें; गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम

स्विट्जरलैंड की हार्ट सर्जन डायना रेसर पिछले करीब 25 साल से दिल के शेप वाली चीजें जमा कर रही हैं. उनके पास दिल के शेप की लाइट, जूलरी, परफ्यूम से लेकर रुबिक क्यूब और बर्लिन की दीवार का एक टुकड़ा तक है. अब उनके कलेक्शन में ऐसी 3,200 चीजें हो चुकी हैं, जिनकी वजह से उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना पुराना खिताब फिर हासिल कर लिया है.

हार्ट सर्जन का शौक देख दुनिया रह गई हैरान: घर में जमा कर रखी हैं दिल के शेप वाली 3,200 चीजें; गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम
Image Credit: guinnessworldrecords | 25 साल से दिल के आकार की चीजें जमा कर रही हैं हार्ट सर्जन प्रोफेसर डॉ. डायना रेसर!

डॉक्टर का काम लोगों की सेहत का ख्याल रखना और उनकी जिंदगी बचाना होता है. खासकर हार्ट सर्जन की जिम्मेदारी काफी बड़ी होती है, क्योंकि उन्हें सीधे इंसान के दिल का इलाज करना पड़ता है. लेकिन स्विट्जरलैंड की डायना रेसर के लिए दिल सिर्फ उनके पेशे का हिस्सा नहीं है. दिल के शेप वाली चीजों के प्रति उनका लगाव इतना बढ़ा कि उन्होंने हजारों सामान जमा कर लिए.

डायना रेसर स्विट्जरलैंड की जानी-मानी हार्ट सर्जन और प्रोफेसर हैं. वह किसी स्विस यूनिवर्सिटी से प्रोफेसर की उपाधि पाने वाली पहली महिला हार्ट सर्जन भी बताई जाती हैं. उनके इस अनोखे शौक की शुरुआत मेडिकल की पढ़ाई के दौरान हुई थी. उस वक्त शायद उन्होंने भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन यही शौक उन्हें दुनिया भर में पहचान दिलाएगा.

कैसे शुरू हुआ दिल वाली चीजें जमा करने का शौक?

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अनुसार, डायना ने करीब 25 साल पहले दिल के शेप वाली चीजें जमा करना शुरू किया था. मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब उन्होंने हार्ट सर्जरी के क्षेत्र में अपना करियर बनाने का फैसला किया, तो इस बात की जानकारी उनके आसपास के लोगों को भी हुई. इसके बाद परिवार, दोस्तों और जानने वालों ने उन्हें दिल के शेप वाले गिफ्ट देने शुरू कर दिए. शुरुआत में ये कुछ छोटे-मोटे तोहफे थे, लेकिन धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ती गई. डायना को भी ऐसी चीजें पसंद आने लगीं और उन्होंने इन्हें संभालकर रखना शुरू कर दिया. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि जब लोगों को उनके पसंदीदा काम के बारे में पता चला तो उन्हें दिल के आकार वाले गिफ्ट मिलने लगे. यह सिलसिला आज भी जारी है.

पहले भी बना चुकी हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड

डायना रेसर का यह शौक पहले भी उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तक पहुंचा चुका है. साल 2010 में उन्होंने दिल के शेप वाली चीजों के सबसे बड़े कलेक्शन का रिकॉर्ड बनाया था. उस समय उनके पास कुल 775 सामान थे. लेकिन साल 2024 में अमेरिका की सुसान वेस्ट ने 1,560 चीजों के कलेक्शन के साथ उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया था. इसके बाद भी डायना ने हार नहीं मानी. उन्होंने अपना कलेक्शन बढ़ाना जारी रखा और अप्रैल 2026 तक उनके पास कुल 3,200 दिल के शेप वाली चीजें हो गईं. इस तरह उन्होंने एक बार फिर अपना पुराना रिकॉर्ड हासिल कर लिया. अब उनका कलेक्शन पहले के मुकाबले कई गुना बड़ा हो चुका है.

रुबिक क्यूब से लेकर बर्लिन की दीवार तक शामिल

डायना के कलेक्शन में सिर्फ सजावट का सामान नहीं है. उनके पास दिल के शेप वाली सोलर लाइट, कार एयर फ्रेशनर, हेयर एक्सेसरीज, परफ्यूम, साबुन, जूलरी और कपड़े भी हैं. यहां तक कि उन्होंने अपने शरीर पर दिल के शेप वाले छह टैटू भी बनवा रखे हैं. उनके कलेक्शन की कुछ चीजें ऐसी हैं, जिन्हें देखकर कोई भी हैरान हो सकता है. इनमें दिल के शेप का रुबिक क्यूब और पूरी तरह काम करने वाला स्टेथोस्कोप भी शामिल है. इतना ही नहीं, उनके पास बर्लिन की दीवार का दिल के आकार वाला एक टुकड़ा भी मौजूद है. उनकी बहन ने एक खास पेंटिंग बनाई है, जिसमें दिल के शेप वाले चेहरे वाली एक बार्न आउल दिखाई गई है.इसके अलावा पिकासो की कला से प्रेरित एक दूसरी पेंटिंग भी उनके कलेक्शन का खास हिस्सा है. इसमें तीन महिलाएं एक दिल को थामे नजर आती हैं.

आधा कलेक्शन लोगों के दिए तोहफों से बना

डायना के पास मौजूद 3,200 चीजों में से करीब आधी उन्हें परिवार, दोस्तों, साथ काम करने वाले लोगों और मरीजों ने गिफ्ट की हैं. बाकी सामान उन्होंने अलग-अलग जगहों की यात्रा के दौरान खरीदा या इकट्ठा किया. डायना के लिए इन चीजों की कीमत से ज्यादा उनसे जुड़ी यादें मायने रखती हैं. हर सामान के पीछे कोई न कोई कहानी है. किसी को उनके पेशे की वजह से दिल का आकार पसंद आया, तो किसी ने उनके शौक को याद रखते हुए खास तोहफा दिया. वह दिल को प्यार, जिंदगी और आत्मा का एक खास प्रतीक मानती हैं. दिल के आकार वाली चीजें उन्हें इतनी आसानी से हर जगह नजर आती हैं कि उन्होंने इस आदत को एक नाम भी दे दिया है. वह इसे 'हार्ट-आइटिस' कहती हैं.

अब भी एक खास चीज की तलाश में हैं डायना

हजारों सामान जमा करने के बाद भी डायना का कलेक्शन पूरा नहीं हुआ है. उनकी इच्छा है कि उन्हें 27.64 कैरेट का रेयर नीला 'हार्ट ऑफ इटर्निटी' हीरा मिले. यह उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है. हालांकि, उनकी एक छोटी सी तलाश भी अभी बाकी है. वह दिल के शेप वाला शावर हेड दोबारा खरीदना चाहती हैं. उनके पास पहले ऐसा शावर हेड था, लेकिन एक बार गिरने से वह टूट गया. काफी खोजने के बाद भी उन्हें वैसा दूसरा शावर हेड नहीं मिल पाया है.

कलेक्शन के जरिए दिल की सेहत का संदेश

डायना ने अपने इस पूरे कलेक्शन को उन सभी लोगों को समर्पित किया है, जिन्होंने सालों से उनका साथ दिया. इनमें परिवार, दोस्त, साथ काम करने वाले लोग और उनके मरीज शामिल हैं. लेकिन इस शौक के पीछे उनका एक और मकसद है. वह चाहती हैं कि लोग दिल की सेहत को लेकर जागरूक हों और समय रहते अपनी जांच कराएं. उनका कहना है कि लोगों को 50 साल की उम्र तक अपने दिल की जांच जरूर करा लेनी चाहिए. अगर परिवार में पहले से दिल की बीमारी का इतिहास रहा है तो इससे पहले भी जांच कराना बेहतर है. डायना उन लोगों को भी हिम्मत देती हैं, जिन्हें हार्ट सर्जरी कराने की जरूरत पड़ती है. उनका मानना है कि सही समय पर और प्लानिंग के साथ की गई हार्ट सर्जरी से डरने की जरूरत नहीं है.

एक शौक ने दिलाई दुनिया भर में पहचान

डायना रेसर की कहानी बताती है कि किसी छोटे से शौक को भी अगर लगातार समय और प्यार दिया जाए तो वह बड़ी पहचान बन सकता है. करीब 25 साल पहले शुरू हुआ उनका कलेक्शन आज हजारों चीजों तक पहुंच चुका है. एक तरफ वह ऑपरेशन थिएटर में लोगों के दिल की धड़कनें बचाने का काम करती हैं, तो दूसरी तरफ दिल के आकार वाली चीजों के जरिए अपनी अलग दुनिया भी संजो रही हैं. अब उनका यह अनोखा शौक सिर्फ एक रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को दिल की सेहत का ख्याल रखने का संदेश भी दे रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More