)
शादी के लिए लड़का या लड़की देखते समय लोग आमतौर पर अपनी पसंद, परिवार और कमाई जैसी बातों को ध्यान में रखते हैं. लेकिन एक लड़के की मांग ने सोशल मीडिया पर अलग ही चर्चा शुरू कर दी है. उसने साफ कहा है कि उसे ऐसी पत्नी चाहिए, जो अच्छी कमाई करती हो और शादी के बाद भी अपना करियर जारी रखना चाहती हो.
यह मामला रेडिट पर सामने आया है. लड़के ने रेडिट पोस्ट में लिखा है कि 'Looking for a Wife Who Wants to Be the Breadwinner' यानी ऐसी पत्नी की तलाश, जो घर की मुख्य कमाने वाली हो. इसमें उसने बताया कि वह खुद फुल-टाइम होममेकर बनना चाहता है. इसके लिए उसने कुछ शर्तें भी रखी हैं.
लड़के के अनुसार, शादी के बाद पत्नी अपनी पसंद का करियर, बिजनेस या प्रोफेशन चुन सकती है. उसे नौकरी करने या आगे बढ़ने की पूरी आजादी होगी. दूसरी तरफ, घर की जिम्मेदारी वह खुद संभालेगा. उसने अपनी पोस्ट में लिखा कि उसे खाना बनाने, सफाई करने, कपड़े धोने और घर के बाकी कामों से कोई परेशानी नहीं है. वह इन सभी जिम्मेदारियों को खुशी से उठाने के लिए तैयार है. उसका कहना है कि शादी में दोनों के बीच प्यार, सम्मान और बराबरी होनी चाहिए. उसके हिसाब से अगर पत्नी बाहर जाकर कमाती है और पति घर संभालता है तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है.
इस पोस्ट में लड़के ने सिर्फ कमाई और घर संभालने की बात नहीं की, बल्कि परिवार बढ़ाने को लेकर अपनी पसंद भी साफ कर दी. उसने बताया कि वह चाइल्ड-फ्री मैरिज चाहता है. यानी शादी के बाद उसकी बच्चे पैदा करने की कोई योजना नहीं है. उसने पूछा कि क्या भारत में ऐसी महिलाएं हैं, जो इस तरह की शादी के लिए तैयार होंगी? लड़के ने कहा कि जो महिलाएं सच में ऐसी पार्टनरशिप चाहती हैं, वे उससे संपर्क कर सकती हैं.

लड़के ने अपनी पोस्ट में अपने बारे में भी कुछ जानकारियां दी हैं. उसने बताया कि उसकी लंबाई करीब 6 फीट है और उसका शरीर मजबूत है. उसने अपने परिवार के बारे में बताते हुए कहा कि उसके माता-पिता दोनों ए-क्लास सरकारी नौकरियों से रिटायर हुए हैं और उन्हें पेंशन मिलती है. उसका एक छोटा भाई भी है. हालांकि, पोस्ट में सबसे ज्यादा ध्यान उसकी होने वाली पत्नी की कमाई को लेकर रखी गई शर्त ने खींचा. लड़के ने साफ लिखा कि वह ऐसी लड़की की तलाश में है, जिसकी सालाना कमाई कम से कम 12 लाख रुपये हो. इसका मतलब वह चाहता है कि पत्नी घर की मुख्य कमाने वाली बने और वह घरेलू जिम्मेदारियां संभाले.
लड़के की पोस्ट सामने आने के बाद रेडिट पर लोगों ने अलग-अलग राय रखी. कुछ यूजर्स ने उसके फैसले का समर्थन किया. उनका कहना था कि अगर महिलाएं सालों से घर और बाहर दोनों की जिम्मेदारी संभालती आई हैं तो पुरुष के घर संभालने में भी कोई बुराई नहीं होनी चाहिए. एक यूजर ने लिखा कि यह अच्छी बात है कि पुरुष भी अब उन जिम्मेदारियों को खुले तौर पर अपनाने की बात कर रहे हैं, जिन्हें पारंपरिक रूप से महिलाओं का काम माना जाता रहा है. उसने युवक को शुभकामनाएं भी दीं. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि ऐसी पार्टनरशिप उन महिलाओं के लिए फायदेमंद हो सकती है, जिनकी नौकरी में बार-बार ट्रांसफर होता है या काम के सिलसिले में अलग-अलग शहरों में जाना पड़ता है. ऐसे में घर संभालने वाला पार्टनर उनके लिए मददगार साबित हो सकता है.
हालांकि, हर कोई लड़के की सोच से सहमत नहीं था. कुछ यूजर्स ने उसकी पोस्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ घर पर रहने की इच्छा जताना काफी नहीं है. घर चलाने के लिए बजट बनाना, खर्च संभालना और भविष्य के लिए बचत करना भी जरूरी होता है. एक यूजर ने सवाल किया कि अगर पत्नी शादी के बाद अपने घर में ही रहना चाहती है और लड़के को उसके हिसाब से रहना पड़े तो क्या वह इसके लिए तैयार होगा? क्या वह पत्नी के फैसलों को भी उसी तरह स्वीकार करेगा, जैसे वह चाहता है कि पत्नी उसके फैसले का सम्मान करे? एक दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि लड़के को पहले अपने माता-पिता के घर से बाहर निकलकर खुद जिम्मेदारियां समझनी चाहिए. वहीं, कुछ लोगों ने उसकी पोस्ट को मजाक या सोशल मीडिया पर ध्यान खींचने की कोशिश भी बताया.
इस पोस्ट ने एक बार फिर शादी में पति-पत्नी की भूमिका को लेकर बहस शुरू कर दी है. अब तक आमतौर पर पुरुष को कमाने वाला और महिला को घर संभालने वाली भूमिका में देखा जाता रहा है. हालांकि, बदलते समय के साथ कई परिवारों में यह व्यवस्था बदल रही है. कहीं पत्नी घर की मुख्य कमाने वाली है तो कहीं पति बच्चों और घर की जिम्मेदारी संभाल रहा है. दरअसल, किसी भी रिश्ते में यह फैसला दोनों की सहमति और आपसी समझ से ही सही तरीके से चल सकता है. सिर्फ कमाई या घर के काम को लेकर शर्तें रखने से शादी सफल नहीं होती. इसके लिए एक-दूसरे की जरूरतों, पसंद और जिम्मेदारियों को समझना भी जरूरी है.