)
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की साप्ताहिक संवाद श्रृंखला ‘योगी की पाती’ ने 50 सप्ताह का सफर पूरा कर लिया है. इस खास मौके पर सोमवार को सीएम योगी ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे. इसके साथ ही 1090 परिसर में एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा.
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, पाती के माध्यम से आपसे संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूर्ण हो गए, पता ही नहीं चला। गत एक वर्ष में लिखे गए ये पत्र मेरे लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप एक व्यापक दृष्टि साझा करने का माध्यम भी बने हैं। मुझे यह जानकर विशेष प्रसन्नता होती है कि इस संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है। आइए, आत्मीय सुख-दुःख की इस संवाद-श्रृंखला को और सुदृढ़ करें। विचारों की यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एक-दूसरे के निकट लाए। हम सब मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 16, 2026
'योगी की पाती' के 50 हफ्तों के सफर, जनसंवाद और सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावों को संकलित कर एक विशेष कॉफी टेबल बुक तैयार की गई है, जिसका औपचारिक विमोचन स्वयं मुख्यमंत्री योगी करेंगे.
इस उपलब्धि को आम जनता के बीच साझा करने के लिए लखनऊ के गोमती नगर स्थित 1090 चौराहा परिसर में एक विशेष प्रदर्शनी (Exhibition) का आयोजन भी किया जाएगा. इस प्रदर्शनी के माध्यम से पिछले 50 हफ्तों में जारी की गई 'पाती' के प्रमुख अंशों और प्रदेश की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा.
उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेश वासी मेरा परिवार हैं। इस परिवार के सुख-दु:ख, आशाओं, उपलब्धियों और संकल्पों से जुड़े रहने का एक आत्मीय माध्यम है 'योगी की पाती'। पिछले 50 से अधिक सप्ताह से हर पाती के माध्यम से मैं अपने प्रदेश वासियों के साथ अपने विचार और भावनाएं साझा करता आ रहा हूं। यह मेरे लिए केवल पत्र लिखना नहीं, बल्कि अपने परिवार से संवाद करने का अवसर है। आज इस आत्मीय यात्रा पर आधारित 'योगी की पाती' कॉफी टेबल बुक का विमोचन एवं प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन होगा। साथ ही, विश्व के सबसे बड़े एवं भारत के पहले डिजिटल जनगणना अभियान 'जनगणना-2027' के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्व-गणना (16 से 30 नवंबर, 2026) एवं घर-घर जनगणना (1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027) की प्रक्रिया का शुभारंभ भी करूंगा। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जनगणना की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। आइए, जनभागीदारी और जनविश्वास की भावना को सशक्त करते हुए 'विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को नई गति प्रदान करें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 16, 2026
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा -“प्रदेशवासियों से पाती के माध्यम से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, पता ही नहीं चला।”
सीएम योगी ने कहा कि बीते एक साल में लिखे गए ये पत्र उनके लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें आवाज देने और उनके अनुरूप व्यापक दृष्टिकोण साझा करने का माध्यम बने हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की विशेष प्रसन्नता है कि संवाद की यह श्रृंखला प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है.
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस संवाद श्रृंखला को और मजबूत बनाने की अपील की. उन्होंने कहा -“विचारों की यह साझेदारी सरकार और समाज के बीच विश्वास का सेतु बने. हम सब मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।”