)
दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल के आगामी सीजन के लिए मंगलवार (17 नवंबर) का दिन काफी अहम है. लीग की सभी 10 फ्रेंचाइजियां आज अगले सीजन के लिए रिटेन किए हुए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करेगी. 16 दिसंबर को होने वाली नीलामी से पहले यह प्रक्रिया काफी अहम है. लिस्ट जारी होने के बाद ही मालूम चलेगा कि कौन से प्लेयर नीलामी में नहीं जाएंगे और किसे उस प्रक्रिया से गुजरना होगा. यह कुछ-कुछ यूरोपियन फुटबॉल समर ट्रांसफर की तरह लगता है. उसमें एक निश्चित तारीख तक खिलाड़ियों का ट्रांसफर एक टीम से दूसरी टीम में होता है.
रिटेंशन से पहले ट्रेड के जरिए कई हाई प्रोफाइल अदला-बदली ने पहले से ही सनसनी मचा रखी है. हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स और अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में चले गए. दोनों अब अपनी-अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेलने वाले हैं. ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जाएंट्स से वापस दिल्ली कैपिटल्स में आ गए हैं और कुलदीप यादव दिल्ली से लखनऊ सुपर जाएंट्स में चले गए. चेन्नई सुपरकिंग्स ने भी कुछ ट्रेड के जरिए सबको हैरान किया है. अब रिटेंशन की लिस्ट से पता चलेग कि कौन सी टीम किस प्लानिंग के साथ मिनी-ऑक्शन में उतरना चाहती है.
रिटेंशन डे पर सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भारत और चेन्नई सुपरकिंग्स के दिग्गज विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी संन्यास लेंगे? क्या धोनी आईपीएल के अगले सीजन में भी खेलेंगे? इन सवालों के जवाब आज रिटेंशन लिस्ट जारी होने पर मिल जाएंगे. इस बात की उम्मीद जताई जा रही है कि 45 साल के धोनी अगले सीजन में भी टीम के साथ बने रहेंगे. वह अभी संन्यास के बारे में नहीं सोच रहे. धोनी पिछले सीजन में चोट के कारण एक भी मैच में नहीं खेल पाए थे.