)
स्वीडन की रहने वाली एना-कैरिन नॉर्डिन ने गोता कैनाल में 190 किलोमीटर तैरकर ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसकी चर्चा अब दुनिया भर में हो रही है. उन्होंने यह दूरी 10 दिन, 10 घंटे और 9 मिनट में पूरी की. इस उपलब्धि के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ.
लेकिन एना के लिए यह सफर किसी मेडल या रिकॉर्ड से कहीं ज्यादा खास था. इस पूरी कोशिश के पीछे उनके पिता कार्ल-एरिक का सपना था. दोनों ने मिलकर कभी इस तैराकी की योजना बनाई थी. पिता का इरादा था कि वह पूरे सफर में बेटी के साथ रहेंगे और रास्ते में जरूरी इंतजाम संभालेंगे. हालांकि, स्ट्रोक के बाद कार्ल-एरिक का निधन हो गया. उनके जाने से यह प्लानिंग अधूरी रह गई. एना चाहतीं तो इस चुनौती को छोड़ सकती थीं, लेकिन उन्होंने पिता के साथ देखे सपने को पूरा करने का फैसला किया.
एना ने 17 मई 2026 को स्वीडन के मेम से अपनी तैराकी शुरू की. उनका लक्ष्य गोता कैनाल के रास्ते 190 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 27 मई को स्योतोर्प पहुंचना था. आखिरकार उन्होंने तय समय में यह सफर पूरा कर लिया. इस दौरान उन्होंने कुल 20 स्टेप्स में तैराकी की. रास्ते में उन्हें नहर के 58 लॉक से होकर गुजरना पड़ा. ये लॉक पानी के लेवल को नियंत्रित करने के लिए बनाए जाते हैं. ऐसे रास्ते पर लगातार तैरना आसान नहीं था, क्योंकि हर हिस्से में पानी और आसपास की परिस्थितियां एक जैसी नहीं रहतीं. एना ने इस चुनौती को पूरा करने के लिए कोई वेटसूट भी नहीं पहना था. वह सिर्फ स्विमिंग कॉस्ट्यूम, कैप और गॉगल्स के सहारे पानी में उतरी थीं. यानी शरीर को ठंड से बचाने के लिए उनके पास बहुत कम चीजें थीं.
इस पूरी प्लानिंग में एना के सामने सबसे बड़ी परेशानी पानी का तापमान था. स्वीडिश रेडियो की रिपोर्ट के अनुसार, नहर के पानी का तापमान करीब 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच था. इतने ठंडे पानी में कुछ देर रहना भी मुश्किल हो सकता है, जबकि एना को रोज कई घंटे तैरना था. उन्होंने खुद माना कि इस सफर की सबसे बड़ी चुनौती ठंडा पानी ही था. हर दिन करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय करना शरीर के लिए काफी थकाने वाला था. लगातार तैरने से मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है और ठंड के कारण शरीर को संभालना भी आसान नहीं रहता. लेकिन एना ने हार नहीं मानी. नहर के किनारे मौजूद स्थानीय लोग भी उनका हौसला बढ़ाते रहे. कई जगह लोग उन्हें देखकर तालियां बजाते और आवाज लगाकर उनका उत्साह बढ़ाते थे. कुछ लोगों ने रास्ते में उन्हें खाने-पीने की चीजें भी दीं.

इस रिकॉर्ड की सबसे भावुक बात एना का अपने पिता को लेकर दिया गया बयान है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से बातचीत में उन्होंने कहा कि कई मायनों में यह सिर्फ मेरी तैराकी नहीं, बल्कि हम दोनों की तैराकी बन गई. उनके इस बयान से समझा जा सकता है कि पिता की गैरमौजूदगी में भी वह इस सफर में उन्हें अपने साथ महसूस कर रही थीं. जिस चुनौती को कभी दोनों ने साथ पूरा करने की योजना बनाई थी, उसे एना ने अकेले पूरा जरूर किया, लेकिन इसका श्रेय वह अपने पिता के साथ शेयर करती हैं. रिकॉर्ड पूरा करने के बाद भी उनका सफर यहीं खत्म नहीं हुआ. एना आगे गोथेनबर्ग की तरफ बढ़ीं और 6 जून को वहां पहुंचीं. हालांकि, खराब मौसम और पानी के बेहद ठंडे होने की वजह से उन्हें अपने तय रास्ते के कुछ हिस्सों को छोड़ना पड़ा.
एना-कैरिन नॉर्डिन कोई नई स्विमर नहीं हैं. वह प्रोफेशनल लाइफगार्ड होने के साथ-साथ लंबी दूरी की तैराक भी हैं. बचपन से ही उन्हें तैराकी का शौक था, जो आगे चलकर उनकी पहचान बन गया. साल 2013 में उन्होंने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की, जिसने उन्हें दुनिया भर में पहचान दिलाई. वह ओशन्स सेवन चैलेंज पूरा करने वाली दुनिया की पहली महिला बनी थीं. यह ओपन-वॉटर स्विमिंग की सबसे मुश्किल चुनौतियों में से एक मानी जाती है. इस चैलेंज में दुनिया के सात अलग-अलग समुद्री रास्तों और जलडमरूमध्यों को तैरकर पार करना होता है. इसमें इंग्लिश चैनल, जिब्राल्टर जलडमरूमध्य, जापान का त्सुगारू जलडमरूमध्य और न्यूजीलैंड का कुक जलडमरूमध्य जैसे मुश्किल रास्ते शामिल हैं. उनके लंबे अनुभव और उपलब्धियों को देखते हुए साल 2018 में उन्हें इंटरनेशनल मैराथन स्विमिंग हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया गया था.

एना और उनके पिता के बीच तैराकी को लेकर खास रिश्ता था. साल 2020 में भी दोनों ने मिलकर एक बड़ा अभियान पूरा किया था. उस दौरान एना ने स्वीडन के ओलैंड द्वीप के चारों तरफ 333 किलोमीटर तक तैराकी की थी. उनके पिता कार्ल-एरिक उस सफर में सपोर्ट टीम का हिस्सा थे और रास्ते से जुड़े जरूरी इंतजाम संभाल रहे थे. यही वजह है कि गोता कैनाल की 190 किलोमीटर लंबी तैराकी उनके लिए पुराने दिनों की यादों से भी जुड़ी रही. इस बार पिता उनके साथ पानी में या किनारे मौजूद नहीं थे, लेकिन उनकी बनाई योजना और साथ बिताए पलों ने एना को आगे बढ़ने की हिम्मत दी.
एना की इस उपलब्धि को सिर्फ एक खेल रिकॉर्ड के तौर पर देखना शायद पूरी कहानी को समझना नहीं होगा. 190 किलोमीटर की दूरी, 10 दिनों की मेहनत और ठंडे पानी में तैरने का संघर्ष अपनी जगह है, लेकिन इसके पीछे पिता को दिया गया एक वादा भी है. कार्ल-एरिक अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी बेटी ने वह काम पूरा कर दिखाया, जिसकी प्लानिंग कभी दोनों ने साथ बनाई थी. एना के लिए यह सफर एक रिकॉर्ड बनाने के साथ पिता की यादों को फिर से जीने का मौका भी बना. शायद इसी वजह से उनकी यह उपलब्धि लोगों को इतनी खास लग रही है. क्योंकि कुछ सपने ऐसे होते हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए इंसान अकेला निकलता जरूर है, लेकिन रास्ते भर उसके साथ किसी अपने की याद चलती रहती है.