)
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि बालिग होने की उम्र 18 वर्ष से घटाकर 16 वर्ष करने के प्रस्ताव पर विधायिका विचार कर सकती है. कोर्ट का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में 16 वर्ष की आयु तक बच्चों में पर्याप्त परिपक्वता आ जाती है. इस पहलू पर कानून बनाने वाली संस्थाएं विचार कर उचित निर्णय ले सकती हैं. हाईकोर्ट ने यह टिप्पणी बागपत के रहने वाले एक युवक की आपराधिक अपील पर सुनवाई के दौरान की है.
दरअसल, यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के एक युवा से जुड़ा बताया जा रहा है. युवक पर डकैती, हत्या समेत कई गंभीर आरोप हैं. युवक की दूसरी जमानत अर्जी खारिज होने के आदेश के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. मिली जानकारी के मुताबिक, मामले में किशोर न्याय बोर्ड ने घटना के समय उसकी उम्र 17 साल 6 महीने 20 दिन निर्धारित की थी, लेकिन निचली अदालत से राहत नहीं मिलने पर उसने हाईकोर्ट का रुख किया.
सुनवाई के दौरान याची वकील की तरफ से दलील दी गई है कि उसके मुवक्किल को झूठा फंसाया गया है. FIR और गवाहों के बयानों में उसकी कोई स्पष्ट भूमिका सामने नहीं आई है. साथ ही, उसकी बरामदगी भी नहीं हुई है. उसका पहले से कोई आपराधिक इतिहास नहीं है. वकील ने यह भी कहा कि किशोर होने के बावजूद उसे नियमित जेल में रखा गया है.
याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि मामले में अभियोजन पक्ष के साक्ष्य पूरे हो चुके हैं और मुकदमा फैसला सुनाए जाने के करीब है. जमानत के लिए कोई नया आधार भी सामने नहीं आया है. ऐसे में जमानत खारिज करने के आदेश में कोई अवैधता या अनियमितता नहीं है. इसी टिप्पणी के साथ कोर्ट ने अपील खारिज कर दी.
ये भी पढ़ेंः सड़क-श्मशान की जमीन पर नहीं बनेंगी दुकानें, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 18 दुकानदारों की याचिका की खारिज
सुनवाई के दौरान जस्टिस अब्दुल शाहिद की सिंगल बेंच ने केरल हाईकोर्ट की एक टिप्पणी का भी हवाला दिया. इसमें कहा गया था कि मौजूदा परिस्थितियों में 16 वर्ष की आयु तक बच्चों में पर्याप्त परिपक्वता आ जाती है. इसी आधार पर विधायिका बालिग होने की उम्र 18 से घटाकर 16 वर्ष करने के प्रस्ताव पर विचार कर सकती है.
1. भारत में बालिग होने की कानूनी उम्र फिलहाल 18 साल है.
2. किशोर न्याय अधिनियम 2015 में 16 से 18 साल के किशोरों के लिए विशेष प्रावधान है.
3. हत्या, बलात्कार और डकैती जैसे जघन्य अपराधों में 16-18 साल के किशोरों का प्रारंभिक आकलन हो सकता है.
4. किशोर न्याय बोर्ड मानसिक और शारीरिक परिपक्वता का आकलन करता है.
5. आकलन के बाद गंभीर मामलों में किशोर पर वयस्क की तरह मुकदमा चलाने का फैसला हो सकता है.
6. 16 साल के हर आरोपी को कानूनन बालिग नहीं माना जाता.
(रिपोर्टः मोहम्मद गुफरान, प्रयागराज)