Video: समंदर किनारे वीडियो बनाने में बिजी था कपल, पानी में डूबने लगी बच्ची; अजनबी ने आकर बचाया
सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक कपल बीच पर रील बनाने में इतना बिजी था कि उनकी नन्ही बच्ची समुद्र की लहरों में फंस गई. गनीमत रही कि एक राहगीर ने समय रहते बच्चे की जान बचा ली. इस वीडियो ने ऑनलाइन पेरेंटिंग और रील के पागलपन पर एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है.
एक कपल समुद्र किनारे अपनी रील शूट करने में लगा हुआ था और उनकी छोटी सी बच्ची लहरों के बीच फंसकर संघर्ष कर रही थी. इस वीडियो को देखकर हर कोई हैरान है और सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा है. इस वीडियो ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया. एक कपल समुद्र के किनारे अपनी मस्ती में चूर होकर वीडियो रिकॉर्ड करता नजर आ रहा है, जबकि उनके साथ चल रही एक छोटी सी बच्ची पानी की तेज लहरों के बीच अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रही थी.
क्या है इस वायरल वीडियो में?
वायरल हो रहे फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक कपल समुद्र तट के किनारे टहल रहा है. उनके हाथ में फोन या सेल्फी स्टिक है, जिसकी मदद से वे अपना खुद का वीडियो बना रहे हैं. शुरुआत में महिला बच्ची का हाथ पकड़कर चल रही होती है, लेकिन कुछ ही सेकेंड में बच्ची का पैर फिसल जाता है और वह रेत पर गिर जाती है. इसके तुरंत बाद समुद्र की तेज लहरें आती हैं और बच्ची को अपनी चपेट में ले लेती हैं. वीडियो में साफ दिखता है कि महिला एक बार पीछे मुड़कर देखती है, लेकिन फिर से कैमरे की तरफ पोज देने लगती है. वहीं दूसरी तरफ, शख्स लगातार वीडियो शूट करने में व्यस्त रहता है. नन्ही बच्ची उथले पानी और लहरों के बीच खुद को संभालने की कोशिश करती रही, लेकिन माता-पिता का पूरा ध्यान सिर्फ कैमरे के लेंस पर था.
राहगीर ने मसीहा बनकर बचाई जान
इस चौंकाने वाली घटना को अपनी आंखों से देखने वाली एक यूजर मरियम ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया. मरियम का कहना है कि जब वे अपने पति के साथ बीच पर घूमने गई थीं, तब उन्होंने इस खौफनाक मंजर को देखा. उन्होंने आरोप लगाया कि कपल अपनी रील बनाने में इतना ज्यादा डूबा हुआ था कि उन्हें इस बात का जरा भी अहसास नहीं हुआ कि उनकी अपनी बेटी कितनी बड़ी मुसीबत में फंस चुकी है. गनीमत यह रही कि वहां से गुजर रहे एक अजनबी की नजर उस बच्ची पर पड़ गई. वह शख्स तुरंत दौड़कर पानी के पास गया और समय रहते बच्ची को खींचकर सुरक्षित बाहर ले आया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था.
इंटरनेट पर भड़के लोगों का गुस्सा
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, नेटिजन्स ने कपल की जमकर क्लास लगा दी. लोगों का कहना है कि किसी भी रील या सोशल मीडिया मोमेंट की कीमत बच्चे की जान से ज्यादा नहीं हो सकती. एक यूजर ने कमेंट किया कि रील तो कुछ मिनटों की होती है, लेकिन अगर बच्चे को कुछ हो जाए तो उसका कोई रीटेक नहीं होता. लोगों ने इस बात पर भी चिंता जताई कि आज के पेरेंट्स पब्लिक प्लेस पर बच्चों की देखभाल करने के बजाय फोन में घुसे रहते हैं
हालांकि, इस वायरल वीडियो ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है, लेकिन इसकी ऑथेंटिसिटी को लेकर कुछ लोगों का यह भी कहना है कि यह वीडियो पूरी तरह स्क्रिप्टेड या फेक हो सकता है, जिसे सिर्फ व्यूज और लाइक्स पाने के लिए बनाया गया हो. जी न्यूज के पास खबर की कोई पुख्ता जानकारी नहीं है कि यह घटना किस जगह की है, किस तारीख की है और इसमें दिखने वाले लोग कौन हैं. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी फैसले से पहले संबंधित आधिकारिक विभाग से संपर्क जरूर करें.