SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भारत मत जाओ, वहां लड़के घूरते हैं... लोग देते थे चेतावनी, फिर पुर्तगाली लड़की ने बताई इंडियन्स की दिल जीतने वाली बातें

पुर्तगाल की 24 साल की सोलो ट्रैवलर एना ने भारत यात्रा का अपना अनुभव शेयर किया है. भारत आने से पहले उन्हें चोरी, हैरेसमेंट और घूरने की चेतावनियां मिली थीं. लेकिन यहां के लड़कों और लोगों के मददगार रवैये ने उनकी सोच बदल दी. जानिए एना की इस इंस्पायरिंग कहानी के बारे में.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Oct 07, 2026, 08:41 AM IST | Updated: Oct 07, 2026, 08:50 AM IST
Image Credit: डराकर भारत भेजी गई 24 साल की एना ने अब जो कहा, वो वायरल हो गया (Instagram/the_sustainable_backpacker)
Join

जब भी कोई विदेशी लड़की अकेले भारत घूमने का प्लान बनाती है, तो उसे सेफ्टी को लेकर तरह-तरह की सलाह और चेतावनियां मिलने लगती हैं. 24 साल की एना के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. पुर्तगाल की रहने वाली एना जब भारत आ रही थीं, तो उनके दोस्तों और जान पहचान के लोगों ने उन्हें हैरेसमेंट, चोरी और घूरने वाले लड़कों से सावधान रहने को कहा था. लेकिन जब एना ने भारत की जमीनी हकीकत देखी, तो उनका नजरिया पूरी तरह से बदल गया.

एना एक सोलो ट्रैवलर हैं और फिलहाल पुर्तगाल से ऑस्ट्रेलिया तक हिचहाइकिंग कर रही हैं. जब वह भारत पहुंचीं, तो शुरुआती एक महीने तक उन्होंने किसी से लिफ्ट नहीं ली. एना ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा कि भारत आने से पहले हर किसी ने उन्हें आगाह किया था. उनसे कहा गया था कि वहां लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं, लोग गंदी नीयत से घूरते हैं और चोरी का खतरा रहता है. इस डर की वजह से वह पहले महीने काफी सतर्क रहीं और अकेले हिचहाइकिंग करने से बचती रहीं.

कैसे बदला एना का नजरिया?

समय बीतने के साथ एना जब भारत के अलग-अलग हिस्सों में घूमीं, तो उनका पाला यहां के आम लोगों से पड़ा. एना ने बताया कि रास्ते में उन्हें ऐसे लोग मिले जिन्होंने बिना किसी स्वार्थ के उनकी मदद की. सड़क पर मिले एक अनजान शख्स ने उनके फोन की प्रॉब्लम ठीक करने में 2 घंटे लगा दिए. इतना ही नहीं, सफर के दौरान कई लड़कों ने उनके साथ डांस किया और उनके जूते के फीते तक बांधने में मदद की. एना का कहना है कि भारत के लड़कों के इस मददगार रवैये ने उनकी पूरी सोच बदलकर रख दी.

सेफ्टी को लेकर एना की सलाह

अपनी बात शेयर करते हुए एना ने यह भी साफ किया कि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि लड़कियां सेफ्टी को नजरअंदाज कर दें. उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में घूमते समय हर लड़की को सावधान रहना चाहिए. सावधानी बरतनी बहुत जरूरी है, लेकिन डर की वजह से भारत के खूबसूरत कल्चर और यहां के लोगों की पॉजिटिव एनर्जी को महसूस करने से पीछे नहीं हटना चाहिए. एना अब तक हरियाणा, पंजाब, कश्मीर और लद्दाख का सफर पूरा कर चुकी हैं.

 

 

सोशल मीडिया पर यूजर्स के रिएक्शन

एना का यह पोस्ट इंस्टाग्राम पर आते ही वायरल हो गया. कई भारतीय यूजर्स ने भारत का पॉजिटिव पक्ष दिखाने के लिए एना को थैंक यू कहा. वहीं एक भारतीय लड़की ने लिखा कि यह अच्छी बात है कि आपको अच्छे लोग मिले, लेकिन आपको मिली चेतावनियां पूरी तरह झूठी नहीं हैं, इसलिए अपना ध्यान जरूर रखें. एक अन्य यूजर ने कमेंट किया कि जब आप लोगों से प्यार से मिलते हैं, तो बदले में आपको प्यार ही मिलता है.

जब एक यूजर ने एना से पूछा कि उन्हें किस देश में सबसे कम सेफ फील हुआ, तो एना ने बताया कि जॉर्जिया में उनका हिचहाइकिंग का एक्सपीरियंस अच्छा नहीं रहा था. वहां कई बार राइड्स के दौरान उन्हें अनकम्फर्टेबल महसूस हुआ था. हालांकि, इसके बावजूद वह उस देश को खूबसूरत मानती हैं.

19 साल की उम्र से कर रही हैं सोलो ट्रैवल

एना के यूट्यूब बायो के मुताबिक, उन्होंने महज 19 साल की उम्र में अपनी पहली सोलो ट्रिप पोलैंड के लिए की थी. इसके बाद ग्रीस और फिर 21 साल की उम्र में उन्होंने फुल-टाइम ट्रैवलिंग शुरू कर दी. उनका सपना पुर्तगाल से ऑस्ट्रेलिया तक हिचहाइकिंग करने का है, जिसे वह अभी पूरा कर रही हैं. एना का प्लान अगले डेढ़ साल तक भारत और नेपाल में ही ट्रैवल करने का है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES