)
जब भी कोई विदेशी लड़की अकेले भारत घूमने का प्लान बनाती है, तो उसे सेफ्टी को लेकर तरह-तरह की सलाह और चेतावनियां मिलने लगती हैं. 24 साल की एना के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. पुर्तगाल की रहने वाली एना जब भारत आ रही थीं, तो उनके दोस्तों और जान पहचान के लोगों ने उन्हें हैरेसमेंट, चोरी और घूरने वाले लड़कों से सावधान रहने को कहा था. लेकिन जब एना ने भारत की जमीनी हकीकत देखी, तो उनका नजरिया पूरी तरह से बदल गया.
एना एक सोलो ट्रैवलर हैं और फिलहाल पुर्तगाल से ऑस्ट्रेलिया तक हिचहाइकिंग कर रही हैं. जब वह भारत पहुंचीं, तो शुरुआती एक महीने तक उन्होंने किसी से लिफ्ट नहीं ली. एना ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा कि भारत आने से पहले हर किसी ने उन्हें आगाह किया था. उनसे कहा गया था कि वहां लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं, लोग गंदी नीयत से घूरते हैं और चोरी का खतरा रहता है. इस डर की वजह से वह पहले महीने काफी सतर्क रहीं और अकेले हिचहाइकिंग करने से बचती रहीं.
समय बीतने के साथ एना जब भारत के अलग-अलग हिस्सों में घूमीं, तो उनका पाला यहां के आम लोगों से पड़ा. एना ने बताया कि रास्ते में उन्हें ऐसे लोग मिले जिन्होंने बिना किसी स्वार्थ के उनकी मदद की. सड़क पर मिले एक अनजान शख्स ने उनके फोन की प्रॉब्लम ठीक करने में 2 घंटे लगा दिए. इतना ही नहीं, सफर के दौरान कई लड़कों ने उनके साथ डांस किया और उनके जूते के फीते तक बांधने में मदद की. एना का कहना है कि भारत के लड़कों के इस मददगार रवैये ने उनकी पूरी सोच बदलकर रख दी.
अपनी बात शेयर करते हुए एना ने यह भी साफ किया कि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि लड़कियां सेफ्टी को नजरअंदाज कर दें. उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में घूमते समय हर लड़की को सावधान रहना चाहिए. सावधानी बरतनी बहुत जरूरी है, लेकिन डर की वजह से भारत के खूबसूरत कल्चर और यहां के लोगों की पॉजिटिव एनर्जी को महसूस करने से पीछे नहीं हटना चाहिए. एना अब तक हरियाणा, पंजाब, कश्मीर और लद्दाख का सफर पूरा कर चुकी हैं.
एना का यह पोस्ट इंस्टाग्राम पर आते ही वायरल हो गया. कई भारतीय यूजर्स ने भारत का पॉजिटिव पक्ष दिखाने के लिए एना को थैंक यू कहा. वहीं एक भारतीय लड़की ने लिखा कि यह अच्छी बात है कि आपको अच्छे लोग मिले, लेकिन आपको मिली चेतावनियां पूरी तरह झूठी नहीं हैं, इसलिए अपना ध्यान जरूर रखें. एक अन्य यूजर ने कमेंट किया कि जब आप लोगों से प्यार से मिलते हैं, तो बदले में आपको प्यार ही मिलता है.
जब एक यूजर ने एना से पूछा कि उन्हें किस देश में सबसे कम सेफ फील हुआ, तो एना ने बताया कि जॉर्जिया में उनका हिचहाइकिंग का एक्सपीरियंस अच्छा नहीं रहा था. वहां कई बार राइड्स के दौरान उन्हें अनकम्फर्टेबल महसूस हुआ था. हालांकि, इसके बावजूद वह उस देश को खूबसूरत मानती हैं.
एना के यूट्यूब बायो के मुताबिक, उन्होंने महज 19 साल की उम्र में अपनी पहली सोलो ट्रिप पोलैंड के लिए की थी. इसके बाद ग्रीस और फिर 21 साल की उम्र में उन्होंने फुल-टाइम ट्रैवलिंग शुरू कर दी. उनका सपना पुर्तगाल से ऑस्ट्रेलिया तक हिचहाइकिंग करने का है, जिसे वह अभी पूरा कर रही हैं. एना का प्लान अगले डेढ़ साल तक भारत और नेपाल में ही ट्रैवल करने का है.