App

2027 में किसकी चमकेगी किस्मत, किसे लगेगा झटका? जापान ने जारी की बर्थडे लकी रैंकिंग; जानें अपनी बर्थ डेट का हाल

नया साल आने में अभी समय है, लेकिन लोगों ने अपनी किस्मत का हिसाब लगाना शुरू कर दिया है. जापान में 2027 के लिए जन्मदिन के आधार पर तैयार की गई एक खास लकी रैंकिंग जारी हुई है. इसमें 366 तारीखों को सबसे लकी से लेकर सबसे कम लकी क्रम में रखा गया है. लिस्ट में 13 नवंबर को पहला स्थान मिला है, जबकि 16 जून को लास्ट नंबर पर रखा गया है. अब लोग अपनी बर्थ डेट खोजकर रैंकिंग से तुलना कर रहे हैं.

2027 में किसकी चमकेगी किस्मत, किसे लगेगा झटका? जापान ने जारी की बर्थडे लकी रैंकिंग; जानें अपनी बर्थ डेट का हाल
Image Credit: @todayyearsold | जापान बर्थडे लकी रैंकिंग 2027!

नया साल शुरू होने से पहले लोग अक्सर यह जानना चाहते हैं कि आने वाले महीने उनके लिए कैसे रहने वाले हैं. कोई करियर को लेकर उम्मीद लगाता है तो किसी को पैसे, रिश्तों और खुशियों का इंतजार रहता है. इसी बीच जापान से आई एक बर्थडे लकी रैंकिंग ने सोशल मीडिया पर लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है.

इस लिस्ट में जनवरी से दिसंबर तक की सभी तारीखों को शामिल किया गया है. यहां तक कि 29 फरवरी को भी जगह मिली है. इस तरह कुल 366 जन्मदिनों की रैंकिंग बनाई गई है. हर तारीख को एक नंबर दिया गया है, जिसके आधार पर बताया गया है कि 2027 के लिए कौन सा जन्मदिन सबसे ज्यादा लकी माना गया है.

13 नवंबर वालों की किस्मत सबसे शानदार

जापान की फॉर्च्यून टेलिंग वेबसाइट Uranai3 की तरफ से जारी इस लिस्ट में 13 नवंबर को पहला स्थान मिला है. वेबसाइट के अनुसार, 2027 के लिए यह सबसे भाग्यशाली जन्मदिन है. इसके बाद दूसरे नंबर पर 22 नवंबर और तीसरे नंबर पर 3 दिसंबर को रखा गया है. चौथे स्थान पर 16 अगस्त और पांचवें नंबर पर 25 अगस्त है. टॉप-5 में नवंबर, दिसंबर और अगस्त की तारीखों का दबदबा देखने को मिल रहा है. टॉप-10 की बाकी तारीखों में 6 सितंबर, 14 नवंबर, 23 नवंबर, 4 दिसंबर और 15 सितंबर शामिल हैं. इसका मतलब नवंबर में जन्म लेने वाले कई लोगों के लिए यह लिस्ट खुश होने का मौका लेकर आई है.

 

 

आखिर कैसे तैयार हुई यह रैंकिंग?

अब सवाल है कि आखिर वेबसाइट ने इन तारीखों को किस आधार पर नंबर दिए हैं. फॉर्च्यून टेलिंग वेबसाइट Uranai3 की रिपोर्ट के अनुसार, इस रैंकिंग को तैयार करने के लिए न्यूमरोलॉजी यानी अंक ज्योतिष और जापान की एक पारंपरिक भविष्य बताने वाली पद्धति का इस्तेमाल किया गया है. इस पद्धति को 'शिचू सुइमेई' कहा जाता है. यह चीन की ट्रेडिशनल ज्योतिष परंपरा 'फोर पिलर्स ऑफ डेस्टिनी' से जुड़ी मानी जाती है. इसमें व्यक्ति की जन्मतिथि और समय के आधार पर उसके जीवन से जुड़े पहलुओं के बारे में देखा जाता है. Uranai3 ने इन दोनों तरीकों को मिलाकर सभी 366 जन्मदिनों की रैंकिंग तैयार की है.

16 जून वालों को मिला आखिरी नंबर

जहां 13 नवंबर को जन्म लेने वाले लोग टॉप पर पहुंचकर खुश हो सकते हैं, वहीं 16 जून की तारीख को इस बार सबसे आखिरी स्थान मिला है. कुल 366 जन्मदिनों की सूची में इसे 366वीं रैंक दी गई है. इसके अलावा मई और जुलाई की कुछ तारीखों को भी निचले पायदान पर जगह मिली है. 17 मई को 365वां, 4 जुलाई को 364वां, 12 अक्टूबर को 363वां और 5 जून को 362वां स्थान दिया गया है. हालांकि, कम रैंक मिलने का मतलब यह नहीं है कि इन तारीखों पर जन्म लेने वालों का पूरा साल खराब जाएगा. वेबसाइट की इस रैंकिंग को सिर्फ एक संकेत या मनोरंजन के तौर पर देखने की बात कही गई है. कम नंबर वाली तारीखों के लोगों को आने वाले समय में थोड़ा सतर्क रहने की सलाह के तौर पर इसे समझा जा सकता है.

 

 

सोशल मीडिया पर अपनी तारीख खोज रहे लोग

रैंकिंग सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपने जन्मदिन का नंबर खोजना शुरू कर दिया. कई यूजर्स ने अपनी तारीख मिलने पर खुशी जताई तो कुछ ऐसे भी थे, जिन्हें अपनी रैंक देखकर निराशा हुई. एक यूजर ने मजाक में लिखा कि लिस्ट में जून का महीना ढूंढने में ही उसका सिर चकरा गया. वहीं, एक दूसरे यूजर ने कहा कि उसकी तारीख टॉप-50 में है और वह खुद को खुशकिस्मत महसूस कर रहा है. एक व्यक्ति ने अपनी सातवीं रैंक देखकर हैरानी जताई. वहीं, टॉप-20 में जगह पाने वाले एक यूजर ने खुद को लकी बताया. दूसरी तरफ, 354वें नंबर पर आने वाले एक यूजर ने मजाक में कहा कि अब अच्छी किस्मत के लिए 2028 तक इंतजार करना पड़ेगा.

रैंकिंग देखकर न हों परेशान

जापान की यह बर्थडे लकी रैंकिंग लोगों के बीच चर्चा का विषय जरूर बन गई है, लेकिन इसे अपनी जिंदगी का फैसला मान लेना ठीक नहीं होगा. किसी का जन्मदिन लिस्ट में पहले नंबर पर है या आखिरी पर, इससे यह तय नहीं होता कि उसका आने वाला साल कैसा रहेगा. आखिरकार मेहनत, फैसले और हालात भी जिंदगी में बड़ी भूमिका निभाते हैं. ऐसे में इस लिस्ट को दोस्तों के साथ अपनी रैंकिंग मिलाने और थोड़ी मौज-मस्ती करने का जरिया समझना बेहतर है. हां, अगर आपका जन्मदिन 13 नवंबर को है तो फिलहाल इस रैंकिंग के हिसाब से जश्न मनाने की एक वजह जरूर मिल गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More