)
कभी-कभी बच्चों की छोटी सी शरारत भी बड़ा हंगामा खड़ा कर देती है. इटली में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां 9 साल के बच्चे ने AI ऐप की मदद से ऐसी तस्वीर बना दी कि बड़े-बड़े लोग भी उसे सच मान बैठे. तस्वीर में बाथरूम के टॉयलेट से एक विशाल अजगर बाहर निकलता दिखाई दे रहा था.
तस्वीर इतनी असली लग रही थी कि उसे देखने वाले लोगों को लगा कि सचमुच घर के बाथरूम में कोई खतरनाक सांप घुस आया है. इसके बाद बिना देर किए दमकल विभाग को इसकी सूचना दे दी गई. देखते ही देखते एक बच्चे का बनाया हुआ फोटो पूरे इलाके के लिए चिंता की वजह बन गया.
इटली की लोकल न्यूज वेबसाइट Il Messaggero के अनुसार, यह मामला 12 नवंबर का बताया जा रहा है. इटली के कास्टेलफिदार्दो कस्बे में बच्चे ने अपने घर के लोगों को यह तस्वीर दिखाई थी. उसे देखने के बाद बड़ों ने ओसिमो के दमकल विभाग को फोन कर दिया. सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने घर के बाथरूम से लेकर आसपास की जगहों तक तलाशी ली, लेकिन कहीं भी अजगर का कोई निशान नहीं मिला. काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब सांप नहीं मिला तो टीम को शक हुआ कि कहीं वह खिड़की से बाहर तो नहीं निकल गया. मामले को गंभीर मानते हुए अगले दिन फिर से जांच शुरू की गई. इस बार वन विभाग की CITES यूनिट के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे. यह टीम खास तौर पर विदेशी और दुर्लभ जीवों से जुड़े मामलों को देखती है.
वन विभाग की टीम जब मौके पर जांच कर रही थी, तब उसने बच्चे के फोन में मौजूद तस्वीर को भी देखा. यहीं से पूरे मामले की दिशा बदल गई. अधिकारियों ने फोटो को ध्यान से देखा तो पता चला कि यह किसी कैमरे से खींची गई असली तस्वीर नहीं थी. इसमें AI की मदद से अजगर को टॉयलेट से बाहर निकलते हुए दिखाया गया था. इसके बाद जब बच्चे से पूछताछ की गई तो उसने पूरी बात बता दी. उसने माना कि तस्वीर उसी ने बनाई थी और उसमें दिख रहा अजगर पूरी तरह नकली था. मतलब जिस सांप को ढूंढने के लिए दमकलकर्मी और वन विभाग की टीम परेशान हो रही थी, उसका असल दुनिया में कोई वजूद ही नहीं था.
इतालवी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बच्चा अपने एक दोस्त के अपार्टमेंट में गया था. दोनों बच्चे वहां खेल रहे थे और तस्वीरें भी ले रहे थे. इसी दौरान वह बाथरूम में गया और उसने एक फोटो को AI ऐप की मदद से एडिट कर दिया. उसने तस्वीर में टॉयलेट से बाहर निकलते हुए एक अजगर को जोड़ दिया. AI टूल ने फोटो को इस तरह बदल दिया कि पहली नजर में वह बिल्कुल असली दिखाई देने लगी. बच्चे ने बाद में यही तस्वीर बड़ों को दिखा दी. उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि उसकी बनाई हुई एक तस्वीर को लोग इतनी गंभीरता से ले लेंगे और पूरा मामला दमकल विभाग तक पहुंच जाएगा.
जब बच्चे को पता चला कि उसकी वजह से अधिकारी करीब दो दिनों तक अजगर की तलाश करते रहे, तो उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली. उसने इस शरारत के लिए माफी भी मांगी. रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे की उम्र कम होने की वजह से अधिकारियों ने उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया. हालांकि, इस घटना ने वहां के लोगों को जरूर हैरान कर दिया. जिस तस्वीर को देखकर सभी डर गए थे, वह महज एक डिजिटल एडिट निकली.
इस घटना ने एक बार फिर AI से बनने वाली तस्वीरों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. आज AI टूल इतने एडवांस हो गए हैं कि उनकी मदद से ऐसी तस्वीरें तैयार की जा सकती हैं, जिन्हें देखकर असली और नकली में फर्क करना मुश्किल हो जाता है. पहले जहां फोटो देखकर लोग किसी घटना पर भरोसा कर लेते थे, वहीं अब सिर्फ तस्वीर के आधार पर किसी खबर को सच मानना सही नहीं है. खासकर जब तस्वीर में कोई खतरनाक जानवर, हादसा या ऐसी घटना दिखाई दे रही हो, जिससे लोगों में डर फैल सकता है.
इटली के इस मामले में भले ही किसी को नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन दमकलकर्मियों और वन विभाग के कर्मचारियों का काफी समय एक ऐसी चीज की तलाश में खर्च हो गया, जो असल में मौजूद ही नहीं थी. यह घटना बताती है कि AI से बनी तस्वीरें सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं. अगर बिना जांचे-परखे उन्हें सच मान लिया जाए या आगे शेयर कर दिया जाए तो बेवजह डर और अफरा-तफरी फैल सकती है. इसलिए अगली बार सोशल मीडिया पर कोई हैरान करने वाली तस्वीर दिखे तो उसे सच मानने से पहले उसकी जांच जरूर करनी चाहिए.