)
दिल्ली: AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों पर दोनों नेताओं के रुख को लेकर सवाल उठाए हैं. इसके साथ ही उन्होंने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने पहले लखनऊ, फिर दिल्ली तक मोर्चा ले जाने का दावा किया है.
शादाब चौहान ने मस्जिदों से जुड़े विवाद, एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई और मॉब लिंचिंग जैसे मुद्दों का जिक्र किया. उनका आरोप है कि जब ये घटनाएं हो रही थीं, तब अखिलेश यादव और शिवपाल यादव ने उस तरह से आवाज नहीं उठाई, जैसी उम्मीद थी. ये उनका निजी आरोप है, इस पर सपा की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
"सब जानते हैं कि कौन असल में किसके साथ है-कौन 'गुजराती ढोकला' खा रहा है और कौन BJP की 'B-टीम' की तरह काम कर रहा है. जब ये ज़ुल्म हो रहे थे-जब हमारी मस्जिदों को तोड़ा जा रहा था, जब हमारे बच्चों को फर्जी एनकाउंटर में मारा जा रहा था, जब बुलडोज़र का गलत इस्तेमाल हो रहा था और जब मॉब लिंचिंग (भीड़ द्वारा हत्या) हो रही थी- तब अखिलेश यादव और शिवपाल यादव कहां थे? वे कहां थे? वे कहीं नज़र नहीं आए.
शादाब चौहान ने केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. उन्होंने अखिलेश यादव और डिंपल यादव का नाम लेते हुए कहा कि एजेंसियां उनके खिलाफ उस तरह सक्रिय नहीं दिखतीं, जैसी अन्य मामलों में दिखती हैं.
शादाब चौहान ने कहा कि 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' सबसे पहले लखनऊ में अपनी ताकत दिखाएगा. इसके बाद दिल्ली के लाल किले तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि अब विरोधियों का अहंकार टूटने वाला है.
यूपी चुनाव 2027 से पहले इस तरह के बयान सियासी गर्मी बढ़ा रहे हैं. अब देखना है कि सपा इस बयान पर क्या जवाब देती है और सामाजिक परिवर्तन मोर्चा लखनऊ में किस तरह की ताकत दिखाता है.