)
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नाबालिग के साथ यौन शोषण के मामले में एक मस्जिद के मौलाना को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोप है कि मौलाना ने मस्जिद के अंदर नाबालिग बच्चे के साथ कई बार कुकर्म किया है. इतना ही नहीं, मौलाना ने नाबालिग को मुंह बंद रखने के लिए धमकी भी दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की हरकतों की वजह से परेशान होकर नाबालिग बच्चे ने उर्दू-अरबी की पढ़ाई छोड़ने का फैसला किया है. इसके बाद नाबालिग ने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई. फिलहाल, उसकी मां की शिकायत पर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
दरअसल, यह मामला शिवकुटी थाना इलाके के रसूलाबाद का बताया जा रहा है. जहां 14 साल का बच्चा मस्जिद में उर्दू और अरबी पढ़ने के लिए जाता था. आरोप है कि मौलाना ने मस्जिद में ही कई बार नाबालिग बच्चे के साथ कुकर्म किया. इतना ही नहीं, आरोपी ने बच्चे को किसी को न बताने की धमकी भी दी थी.
जब नाबालिग बच्चे ने अचानक मस्जिद जाना बंद कर दिया और उर्दू-अरबी न सीखने का फैसला किया, तो उसकी मां परेशान हुई. उन्होंने बच्चे से इसकी वजह के बारे में पूछा आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसके चलते उसने ये फैसला लिया. इस पर नाबालिग ने अपने साथ हुई पूरी घटना मां को बताई. बेटे की आपबीती सुनकर मां हैरान रह गईं. इसके बाद उन्होंने शिवकुटी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
ये भी पढ़ेंः मासूम की हत्या से कांप उठा बुलंदशहर! कमरे का ताला तोड़ते ही मचा हड़कंप, तंत्र-मंत्र करने वाली पड़ोसन के घर में मिली लाश
मामल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी मौलाना के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद जाहिद को रसूलाबाद रीवर फ्रंड रोड से गिरफ्तार कर लिया है. वहीं आरोपी को कोर्ट में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया. फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है.
(रिपोर्टः मोहम्मद गुफरान, प्रयागराज)