दिल्ली के प्रोटेस्ट से इंस्पायर होकर दो सगे भाइयों ने एक वीडियो गेम तैयार किया है. 'भाग नेहा भाग' नाम के इस सेटिरिकल यानी व्यंग्य वाले गेम में पुलिस की चेज और 'डेमोक्रेसी कॉइन्स' जैसी चीजें शामिल की गई हैं. इस अनोखे गेम को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इसे खेलने के लिए बेताब हो रहे हैं और दोनों भाइयों की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
इंस्टाग्राम पर अनव नायर नाम के एक यूजर ने एक वीडियो शेयर किया जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इस वीडियो में एक ऐसा वीडियो गेम दिखाया गया है जो दिल्ली में हुए प्रोटेस्ट और नेहा बोरा से जुड़े घटनाक्रमों से पूरी तरह इंस्पायर है. इस गेम का नाम 'भाग नेहा भाग' रखा गया है, जिसमें एक किरदार खाकी और ऑरेंज कपड़ों पहने लोगों से बचकर भागता नजर आता है. गेम के दौरान पीछे से 'पकड़ो' की आवाजें आती हैं और पकड़े जाने पर स्क्रीन पर 'पकड़ी गई' लिखा हुआ आता है.
इस मजेदार गेम को बनाने वाले भाई अनव नायर ने मीडिया बातचीत में बताया कि उन्होंने और उनके भाई अक्षय नायर ने मिलकर इस प्रोजेक्ट को तैयार किया है. अक्षय ने जहां इस गेम का पूरा डिजाइन तैयार किया है, वहीं अनव ने इसके पीछे के आइडिया पर काम किया. अनव ने बताया कि वे दोनों पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के प्रोटेस्ट और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी खबरों को लगातार फॉलो कर रहे थे. उन्होंने व्यंग्य यानी सेटायर के जरिए इस पर अपनी प्रतिक्रिया देने का फैसला किया. आर्टिस्ट के रूप में उनका हमेशा से मानना रहा है कि गंभीर मुद्दों पर बात करने के लिए सेटायर एक बहुत पावरफुल तरीका होता है.
जब उन्होंने बार-बार यह खबरें देखीं कि नेहा को हिरासत में लिया जा रहा है और वह अगली ही सुबह फिर से दौड़ती नजर आ रही हैं, तो उनके दिमाग में यह जबरदस्त आइडिया आया. इसके बाद उन्होंने फेमस गेम 'सबवे सर्फर्स' की तर्ज पर इसे डिजाइन करने का सोचा. शुरुआत में यह सिर्फ पुलिस से भागने का एक सिंपल गेम था, लेकिन भाइयों ने इसमें गेमिंग का मजा बढ़ाने के लिए कॉइन्स जोड़ने का फैसला किया. इन सिक्कों को और अधिक सार्थक बनाने के लिए उन्होंने इनका नाम 'डेमोक्रेसी कॉइन्स' रख दिया. डिजाइनिंग का सारा काम अक्षय ने संभाला और दोनों ने मिलकर इस नायाब कांसेप्ट को हकीकत में बदल दिया.
जैसे ही अनव ने इस गेम का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया, लोगों ने इस पर लाइक्स और कमेंट्स की बरसात कर दी. कई यूजर्स ने कमेंट बॉक्स में लिखा कि यह आइडिया बेहद शानदार है और वे इसे जरूर खेलना चाहते हैं. कुछ लोगों ने तो यह तक सुझाव दे दिया कि इसे एक मल्टीप्लेयर गेम बना देना चाहिए ताकि और भी लोग इसमें शामिल हो सकें. कुल मिलाकर यह गेम आज के यूथ के बीच चर्चा का विषय बन गया है और लोग इस क्रिएटिविटी की जमकर सराहना कर रहे हैं.