)
जिंदगी में हर किसी का दिन एक जैसा या यूं कहें कि अच्छा नहीं गुजरता. कभी काम का दबाव परेशान करता है तो कभी पढ़ाई और पैसों की चिंता इंसान को अंदर तक तोड़ देती है. ऐसे समय में कई लोग किसी शांत जगह पर बैठकर खुद को संभालने की कोशिश करते हैं. जर्मनी में 31 साल की हाना के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ.
हाना जर्मनी के गेलसेनकिर्चेन शहर में रहती हैं. एक दिन वह बच्चों के खेलने की जगह के पास बनी बेंच पर बैठी थीं. वह अपनी आंटी से फोन पर बात कर रही थीं. बातचीत के दौरान वह भावुक हो गईं और रोने लगीं. उनका इरादा बस कुछ देर अकेले बैठकर अपना मन हल्का करने का था.
जर्मन मीडिया BILD और WDR के अनुसार, हाना अपनी परेशानी में बैठी थीं, तभी वहां नगर प्रशासन के तीन अधिकारी पहुंच गए. उन्होंने उनसे पूछा कि सामने खेल रहे बच्चे उनके हैं या नहीं. हाना ने साफ कर दिया कि वे बच्चे उनके नहीं हैं. इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि बच्चों के पार्क में बिना किसी बच्चे के बैठना नियमों के खिलाफ है. इस नियम का उल्लंघन करने के लिए उन्हें जुर्माना देना होगा. हाना के लिए यह बात किसी झटके से कम नहीं थी. वह पहले ही मानसिक दबाव से गुजर रही थीं और अब उन्हें एक नई परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
जर्मन मीडिया BILD और WDR से बातचीत में हाना ने बताया कि उस समय वह काफी तनाव में थीं. पढ़ाई और आर्थिक परेशानियों ने उन्हें घेर रखा था. वह किसी से मिलना या बात करना नहीं चाहती थीं. बस कुछ देर ऐसी जगह बैठना चाहती थीं, जहां कोई उन्हें देख न सके. हाना का कहना था कि अगर अधिकारी उन्हें प्यार से समझा देते कि बिना बच्चे के वहां बैठने की अनुमति नहीं है तो वह खुद वहां से चली जातीं. लेकिन सीधे जुर्माना लगाने का तरीका उन्हें काफी बुरा लगा.
इस मामले में गेलसेनकिर्चेन शहर के लोकल नियमों का हवाला दिया गया. शहर के पब्लिक ऑर्डर नियमों की धारा 12 के अनुसार, बच्चों के खेल के मैदान 14 साल या उससे कम उम्र के बच्चों के इस्तेमाल के लिए तय हैं. वयस्क लोग वहां तभी रह सकते हैं, जब वे वहां मौजूद बच्चों के माता-पिता या अभिभावक हों. इसी नियम के आधार पर हाना पर 25 यूरो का जुर्माना लगाया गया. हालांकि, इस मामले में एक बात ने लोगों का ध्यान खींचा. पार्क में लगे नोटिस पर नियमों की जानकारी तो दी गई थी, लेकिन उसमें साफ तौर पर यह नहीं लिखा था कि बिना बच्चे के कोई वयस्क वहां लगी बेंच पर भी नहीं बैठ सकता.
हाना ने शुरुआत में अधिकारियों के फैसले पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि वह किसी नियम को तोड़ने के इरादे से वहां नहीं बैठी थीं. वह सिर्फ भावनात्मक परेशानी से गुजर रही थीं. उन्होंने जर्मन अखबार WAZ से बातचीत में कहा कि उन्हें सिर्फ इतना समझा देना काफी था कि वहां बिना बच्चों के बैठने की अनुमति नहीं है. कानून और इंसानियत एक-दूसरे के खिलाफ नहीं होने चाहिए. हाना ने यह भी सवाल उठाया कि अगर किसी व्यक्ति को पब्लिक प्लेस पर रोते हुए देखा जाए तो सबसे पहले उससे यह पूछना चाहिए कि क्या वह ठीक है या उसे किसी मदद की जरूरत है. लेकिन उनके मामले में ऐसा नहीं हुआ. हालांकि, एक्स्ट्रा खर्च से बचने के लिए अंत में उन्होंने 25 यूरो का फाइन भर दिया.
हाना के साथ हुई इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद लोकल लोगों ने भी नाराजगी जताई. वहां मौजूद एक व्यक्ति ने जर्मन ब्रॉडकास्टर WDR से कहा कि किसी महिला को सिर्फ इसलिए सजा देना अजीब है, क्योंकि वह कुछ देर बैठकर आराम करना चाहती थी. एक दूसरी महिला ने बताया कि वह पिछले 64 साल से उस इलाके में रह रही हैं और कई बार उस बेंच पर बैठ चुकी हैं. लेकिन पहले कभी किसी अधिकारी ने उनसे यह नहीं पूछा कि वह वहां क्यों बैठी हैं. सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस कार्रवाई की आलोचना की. कई लोगों का कहना था कि नियमों का पालन कराना जरूरी है, लेकिन किसी परेशान इंसान के साथ बात करने का तरीका भी मायने रखता है.
विवाद बढ़ने के बाद गेलसेनकिर्चेन प्रशासन ने अधिकारियों की कार्रवाई का बचाव किया. शहर के प्रवक्ता मार्टिन शुलमैन ने कहा कि 25 यूरो का फाइन तुलनात्मक रूप से कम और नियमों के हिसाब से उचित कार्रवाई थी. अधिकारियों पर महिला के साथ ठीक तरीके से बात न करने के आरोप भी लगे थे. हालांकि, जांच के बाद शहर प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज कर दिया. यानी प्रशासन का कहना है कि अधिकारियों ने नियमों के तहत कार्रवाई की, जबकि वहां आस-पास के लोगों का एक वर्ग इस पूरे मामले को इंसानियत के नजरिए से देख रहा है.
हाना का मामला अब सिर्फ 25 यूरो के फाइन तक सीमित नहीं रह गया है. इसने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि पब्लिक प्लेस पर नियम लागू करते समय क्या हालात को समझने की भी जरूरत नहीं होनी चाहिए? बच्चों के पार्क की सुरक्षा और इस्तेमाल से जुड़े नियम अपनी जगह जरूरी हैं. लेकिन कोई व्यक्ति वहां बैठकर रो रहा हो तो क्या कार्रवाई से पहले उससे उसकी परेशानी पूछना गलत होता? कई बार किसी इंसान को मदद के लिए बड़ी चीजों की जरूरत नहीं होती. बस कोई इतना पूछ ले कि आप ठीक हैं या नहीं, तो उसे राहत मिल सकती है. हाना के साथ हुई घटना ने इसी बात को लेकर बहस छेड़ दी है कि कानून का पालन कराने के साथ-साथ इंसानियत दिखाना भी उतना ही जरूरी है.