)
चेन्नई में डीएमके की बैठक में केंद्र सरकार के परिसीमन बिल को समर्थन देने का प्रस्ताव पास हो गया है. यूं तो डीएमके चीफ एमके स्टालिन ने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट लिखकर संकेत दे दिए थे कि अगर नए परिसीमन बिल में उनकी दो मांगें पूरी हुईं तो डीएमके, किसी की भी परवाह किए बगैर तमिलनाडु के लोगों के हित में अपना समर्थन दे देगी. इस बीच आइए आपको ये किस्सा बताते हैं कि जिस बीजेपी की छोटी-छोटी बातों और प्रस्तावों तक पर आंखें तरेरने वाली डीएमके (DMK) जिसे भगवा पार्टी के समर्थक एंटी सनातनी बताते थे, वो आखिर कैसे मान गई.
चेन्नई में पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में, डीएमके ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का प्रस्ताव पारित किया है. सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले, मोदी कैबिनेट ने एक नया विधायी पैकेज मंजूर किया है. जिसमें 'संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026' और 'परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026' शामिल हैं.
इसी नए बिल में बीजेपी और डीएमके के नजदीक आने का राज छिपा है.
पिछली बार जब ये परिसीमन बिल 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में एक पैकेज के रूप में पेश हुआ था, उसमें परिसीमन विधेयक, 2026 और संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल थे. 17 अप्रैल 2026 को मतदान के दौरान संविधान (131वां संशोधन) विधेयक गिर गया था. पिछली बार उपस्थित और मतदान करने वाले 528 सदस्यों में से विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े थे, जबकि जरूरी दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोटों की जरूरत थी.