App

मायावती ने 33% महिला आरक्षण का स्वागत किया, SC-ST महिलाओं के लिए की ये मांग

BSP सुप्रीमो मायावती ने 33% महिला आरक्षण का समर्थन किया है. हालांकि, उन्होंने ये भी कहा है कि एससी और एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था की जानी चाहिए.

मायावती ने 33% महिला आरक्षण का स्वागत किया, SC-ST महिलाओं के लिए की ये मांग
Image Credit: बीएसपी सुप्रीमो मायावती (फाइल फोटो)

बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने 33% महिला आरक्षण का स्वागत किया है. इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने अकाउंट से पोस्ट किया है. मायावती ने पोस्ट में कहा है कि BSP शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा सहित उन्हें राजनीति में भी उचित अवसर दिए जाने की जबरदस्त पक्षधर रही है.  इस बारे में केन्द्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत भी करती है.

मायावती का एक्स पोस्ट-

मायावती ने पोस्ट कर लिखा, 'जैसाकि यह सब जानते हैं कि परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के अति-मानवतावादी, कल्याणकारी और समतामूलक संविधान की पवित्र मंशाओं/उद्देश्यों के प्रति सदा ही निष्ठावान और ईमानदार रहने के नाते BSP शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा सहित उन्हें राजनीति में भी उचित आदर/अवसर दिये जाने की ज़बरदस्त पक्षधर रही है और इसीलिये देश की लोकसभा व राज्यों की विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की मांग लगातार करती रही है. इस बारे में केन्द्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत भी करती है.'

'एससी और एसटी समाज की महिलाओं के लिए...'

मायावती ने पोस्ट में आगे लिखा, 'अच्छा बल्कि ऐतिहासिक होता अगर सदियों से शोषित-पीड़ित और उपेक्षित रहीं, खासकर एससी और एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था कर दी जाती. ताकि संकीर्ण, जातिवादी, धन और बाहुबल आदि से ग्रसित यहां की चुनावी राजनीति में उन्हें भी सही से भाग लेकर थोड़ा आगे बढ़ने का मौका मिल जाता तो यह निश्चय ही देश व जनहित की बेहतर बात होती. इस पर केन्द्र सरकार अभी भी सहानुभूति पूर्वक विचार कर ले तो यह जरूर ही उचित और न्यायपूर्ण भी होगा.'

 

'अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें'

बीएसपी सुप्रीमो ने आगे लिखा, 'वैसे देश की लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि आदि से सम्बंधित तीन विधेयकों और तत्सम्बंधी परिसीमन निर्धारण करने के दौरान में सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ की पूर्ति करने का आरोप कोई नई बात नहीं है. वास्तव में जो भी पार्टी केन्द्र की सत्ता में रहती है, वह ऐसे अधिकतर मामलों में देश व जनहित की परवाह कम तथा पार्टी हित/स्वार्थ को अधिक महत्व देती है, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है. ऐसे में देश में सर्वसमाज के लोग अच्छी सरकार के लिये, बिना किसी धर्म, जाति व क्षेत्रीयता आदि की भावना में बहे हुए और बिना किसी लुभावने वादे, दावे-घोषणाओं के छलावा में आये हुए, अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें, तो यह यहां देश के लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा-सम्मान में असली गारंटी होगी, जिसके लिए BSP तत्पर है.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More