)
दिल्ली पुलिस को एक आतंकी नेटवर्क से जुड़े मामले में बड़ी कामयाबी मिली है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध की गतिविधियों पर पुलिस की लंबे समय से नजर थी और उसे सोशल मीडिया के माध्यम से मॉनिटर किया जा रहा था. बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से पहले संदिग्ध से पूछताछ की गई थी. इसके बाद कुछ दिन पहले उसे गिरफ्तार कर लिया गया. अब जांच एजेंसियां उसके संपर्कों, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही हैं.
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI पर सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं का ब्रेनवॉश करने और उन्हें आतंकवादी संगठनों से जोड़ने की कोशिश करने का संदेह है. जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी को सोशल मीडिया के माध्यम से ही रिक्रूट किया गया था.
गिरफ्तारी के बाद स्पेशल सेल इस मामले की हर कड़ी को जोड़ने का काम कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दिल्ली में पकड़े गए इस संदिग्ध का गुजरात में गिरफ्तार जैश आतंकी से कोई कनेक्शन तो नहीं है. माना जा रहा है कि इस संभावित संबंध की जांच से आतंकवादी नेटवर्क, उसके स्लीपर सेल या भर्ती मॉड्यूल के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं.
बता दें कि 27 नवंबर को गुजरात ATS ने वडोदरा में एक बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकवादी को पकड़ा था, जिसके पास से एक AK-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद किए गए. एक गुप्त सूचना के आधार पर ATS टीम ने जरोद पुलिस स्टेशन इलाके में एक बस स्टैंड के पास घेराबंदी की और उस संदिग्ध वाहन को रोका. वाहन की तलाशी लेने पर हथियार मिले और मौके से ही एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया. शुरुआती जांच से पता चलता है कि वह जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ है.
फिलहाल, एजेंसियां संदिग्ध से पूछताछ कर रही हैं ताकि उसके संभावित नेटवर्क और अन्य संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके. इस जांच के जरिए आतंकवादी संगठन की ऑनलाइन गतिविधियों और संभावित संपर्कों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या गिरफ्तार संदिग्ध का गुजरात में पहले पकड़े गए जैश के किसी आतंकवादी से कोई संबंध है.
आशीष सिंह की रिपोर्ट