)
अगर आप भी अपने रोजमर्रा से जुड़े खर्चों के लिए यूपीआई (UPI) यूज करते हैं और आपका खाता एचडीएफसी बैंक में है तो यह खबर आपके काम की है. जी हां, HDFC ने अपने ग्राहकों को एक अहम बदलाव की जानकारी दी है. 1 जनवरी 2027 से एचडीएफसी 500 रुपये या उससे कम वाले यूपीआई ट्रांजेक्शन पर SMS अलर्ट भेजना बंद कर देगा. इस संबंध में बैंक की तरफ से नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. एचडीएफसी की तरफ से जारी किये गए आदेश के अनुसार यदि आप 100, 200, 400 या 500 रुपये का पेमेंट करते हैं तो बैंक की तरफ से आपके मोबाइल पर SMS नहीं आएगा. 500 रुपये से ज्यादा के हर UPI ट्रांजेक्शन पर पहले की तरह तुरंत SMS अलर्ट मिलता रहेगा.
यानी 500 रुपये से ज्यादा वाले हर UPI ट्रांजेक्शन पर SMS अलर्ट और ई-मेल पर नोटिफिकेशन जारी रहेंगे. लेकिन 500 रुपये तक के यूपीआई ट्रांजेक्शन पर ई-मेल अलर्ट के जरिये जानकारी दी जाएगी. बैंक की तरफ से यह कदम आरबीआई (RBI) की नई गाइडलाइंस के बाद उठाया गया है. RBI की नई गाइडलाइंस को 1 जनवरी 2027 से लागू किया जा रहा है. आरबीआई के नए नियमों के तहत बैंक को 500 रुपये से ज्यादा के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजेक्शन पर तुरंत SMS अलर्ट भेजना जरूरी है. लेकिन 500 रुपये या इससे कम के ट्रांजेक्शन पर SMS भेजना है या नहीं, इसका फैसला बैंक अपनी पॉलिसी के आधार पर लेंगे.
HDFC बैंक की तरफ से साफ किया गया है कि SMS अलर्ट बंद होने के बावजूद कस्टमर्स को सभी UPI ट्रांजेक्शन की जानकारी ई-मेल के जरिये मिलती रहेगी. पेमेंट 10 रुपये का हो या 500 रुपये का आपके रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी पर ट्रांजेक्शन से जुड़ा नोटिफिकेशन आएगा. इसके अलावा बैंक के मोबाइल ऐप और पुश नोटिफिकेशन के जरिये भी पेमेंट हिस्ट्री देखी जा सकेगी. छोटे पेमेंट करने वाले कस्टमर्स को इस तरह के किसी भी बदलाव के लिए पहले से तैयार रहना चाहिए.
आरबीआई की तरफ से जारी नए नियम के तहत 1 जनवरी से 500 रुपये तक के ट्रांजेक्शन के लिए किसी तरह का SMS अलर्ट नहीं आएगा. ऐसे में आप इस नियम के लागू होने की तारीख से पहले यह चेक कर लें कि आपके बैंक अकाउंट से सही और एक्टिव ईमेल आईडी रजिस्टर्ड है या नहीं. यदि ई-मेल अपडेट नहीं है तो 1 जनवरी 2027 से पहले इसे अपडेट जरूर करवा लें. इससे छोटे पेमेंट का रिकॉर्ड आपको मिलता रहेगा. इसके साथ ही किसी भी गलत ट्रांजेक्शन पर आपकी नजर बनी रहेगी. नियम यह भी है कि यदि बैंक आपको छोटे ट्रांजेक्शन पर SMS अलर्ट के जरिये जानकारी देता है तो वह इसके लिए ग्राहकों से किसी तरह का चार्ज नहीं वसूल सकता.