App

नैनीताल पहुंचे अंशुल सिंह, दीप्ति सिंह संभालेंगी अल्मोड़ा: उत्तराखंड में 5 IAS और 5 PCS समेत 10 अफसरों के तबादले!

उत्तराखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 IAS और 5 PCS समेत 10 अफसरों के तबादले कर दिए हैं. सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं.

नैनीताल पहुंचे अंशुल सिंह, दीप्ति सिंह संभालेंगी अल्मोड़ा: उत्तराखंड में 5 IAS और 5 PCS समेत 10 अफसरों के तबादले!
Image Credit: 5 आईएएस और 5 पीसीएस अधिकारियों समेत कुल 10 अफसरों के तबादले किए हैं.

उत्तराखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 आईएएस और 5 पीसीएस अधिकारियों समेत कुल 10 अफसरों के तबादले किए हैं. इस तबादला आदेश के तहत नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारियों में बदलाव करते हुए कई अधिकारियों को शासन और फील्ड की नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी और दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का जिलाधिकारी बनाया गया है. सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं.

नैनीताल के डीएम रहे ललित मोहन रयाल को शासन में अपर सचिव एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री का दायित्व मिला है. कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के निर्देशानुसार, सभी संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने और इसकी रिपोर्ट शासन को भेजने को कहा गया है. कुमाऊं मंडल विकास निगम, नैनीताल के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

नैनीताल पहुंचे अंशुल सिंह, दीप्ति सिंह संभालेंगी अल्मोड़ा

इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारी के पद पर हुआ है. नैनीताल के जिलाधिकारी रहे ललित मोहन रयाल को अब शासन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. ललित मोहन रयाल जिलाधिकारी नैनीताल और उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे. उन्हें अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग व अपर सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनात किया गया है.

2017 बैच की आईएएस अधिकारी दीप्ति सिंह अल्मोड़ा की नई जिलाधिकारी बनाई गई हैं. इससे पहले दीप्ति सिंह निदेशक, खेल, युवा कल्याण, उत्तराखंड का पद संभाल रही थीं. वहीं अल्मोड़ा जिलाधिकारी रहे आईएएस अंशुल सिंह को जिलाधिकारी नैनीताल के पद पर तैनात किया गया है. इसके अलावा खेल विभाग में भी बदलाव किया गया है. 2017 बैच की आईएएस अधिकारी निधि यादव को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग से अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग और निदेशक खेल, युवा कल्याण के पद पर तैनात किया गया है.

5 PCS अधिकारियों के भी तबादले

पांच पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं. कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद से अपर जिलाधिकारी हरिद्वार के पद पर तैनात किया गया है. पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार के पद से अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद पर तैनात किया गया है.

डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा और नगर आयुक्त अल्मोड़ा नगर निगम सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल के पद पर तैनात किया गया है. डिप्टी कलेक्टर नैनीताल सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा के पद पर तैनात किया गया है. आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती के पदभार में तत्काल कार्यभार ग्रहण करते हुए आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराएंगे.

Add Zee News as a Preferred Source