)
Iran-US Conflict: अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने शुक्रवार ( 27 नवंबर 2026) को ईरान में ऊर्जा संकट के बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान पर उनके संदेश को लेकर निशाना साधा. बीते दिनों पेजेशकियान ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह हल्की रोशनी वाले एक लैंप के सामने काम कर रहे थे. इसके जरिए वह नागरिकों से ऊर्जा बचाने की अपील कर रहे थे.
ईरान इस समय अमेरिकी आर्थिक दबाव और नौसैनिक नाकेबंदी का सामना कर रहा है. वहीं, सर्दियों का मौसम आने के साथ ईरान ऊर्जा संकट से भी जूझ रहा है. सर्दियों में यहां ऊर्जा की खपत बढ़ती है क्योंकि ईरान में लोग हीटिंग सिस्टम का अधिक इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में पेजेशकियान ने लोगों से ऊर्जा की सही खपत का आग्रह किया है.
'वाशिंगटन पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, पेजेशकियान अपने डेस्क पर काम करते दिखे. उनके दफ्तर में केवल एक डेस्क लैंप जल रहा था, जबकि वहां लगा एक बड़ा झूमर बंद था. ईरानी राष्ट्रपति ने एक थर्मोस्टेट भी दिखाया, जिससे पता चलता था कि कमरे का तापमान 65 डिग्री (फारेनहाइट) था. ईरान के पब्लिक ब्रॉडकास्टर 'IRIB'की ओर से जारी की गई इस वीडियो का मकसद ऊर्जा बचाने का संदेश देना था. ईरानी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने अखबार को बताया कि यह पेजेशकियान के काम करने की वास्तविक स्थितियों को नहीं दर्शाता है.
Good job, guys. Have a wonderful winter.
— Treasury Secretary Scott Bessent (@SecScottBessent) November 27, 2026
पेजेशकियान के मैसेज पर स्कॉट बेसेंट ने उनपर निशाना साधते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने इसमें लिखा,' बहुत बढ़िया दोस्तों. आपकी सर्दियां शानदार रहें.'
अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति ने इस वीडियो के जरिए जनता को जिम्मेदारी से ऊर्जा की खपत को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाया है. 'वाशिंगटन पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के पास दुनिया के सबसे बड़े ऑयल और नैचुरल गैस के भंडार हैं, लेकिन अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों और नौसैनिक नाकेबंदी के चलते वह ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है. यह घटना ऐसे समय पर देखी गई है, जब पेशकियान बार-बार कह रहे हैं कि बाहरी दबाव ईरान को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने से नहीं रोक पाएगा.
'IRNA' की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार ( 26 नवंबर 2026) को पेजेशकियान ने एक रेलवे लाइन का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रतिबंधों और युद्ध ने कठिन हालात पैदा किए हैं, लेकिन इसने देश को तरक्की करने से नहीं रोका है. उन्होंने कहा,' दुश्मन नहीं चाहते कि ईरान तरक्की करे, लेकिन हमें अपने मतभेदों को भुलाकर एकजुट होना चाहिए. अपनी आंतरिक ताकत और लोगों की भागीदारी के दम पर हमें देश की प्रगति, विकास और समृद्धि के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ते रहना चाहिए.' इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी लोग अपने देश की रक्षा के लिए डटे रहेंगे और अमेरिका या इजरायल के दबाव में नहीं झुकेंगे.