)
राजस्थान में डीग जिले की बृज नगर पंचायत समिति में प्रधानी चुनाव के दौरान एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. यहां वती कुमारी अपने तीन नामांकन को लेकर चर्चा में रहीं. साथ ही, उनके अलग-अलग लिबास और राजनीतिक घटनाक्रम ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. आखिरकार वती कुमारी बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं. आइए जानते हैं पूरी कहानी
बृज नगर पंचायत समिति में कुल 29 सदस्य हैं. इनमें कांग्रेस के टिकट पर 16 सदस्य जीतकर आए, जबकि बीजेपी के खाते में 4 सीटें आईं. वहीं, 9 सदस्य निर्दलीय चुनाव जीतकर पहुंचे. इस तरह कांग्रेस के पास 29 में से 16 सदस्यों के साथ स्पष्ट बहुमत था. इसके बावजूद प्रधानी चुनाव में कांग्रेस की ओर से निर्दलीय प्रत्याशी वती कुमारी को दावेदार बनाया गया.
वहीं, प्रधानी के नामांकन के दौरान वती कुमारी ने ऐसा कदम उठाया कि पूरा सियासी घटनाक्रम चर्चा में आ गया. उन्होंने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कुल तीन नामांकन दाखिल कर दिए. नामांकन प्रक्रिया के बाद उनकी उम्मीदवारी बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में रही और वह निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं. बहुमत कांग्रेस के पास होने के बावजूद बीजेपी के टिकट पर प्रधान बनने का यह घटनाक्रम स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया.
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा उनके पहनावे की रही. पहली बार वती कुमारी लाल साड़ी पहनकर कांग्रेस नेताओं और समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचीं. दूसरी बार सलवार-सूट पहनकर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के साथ बीजेपी की ओर से नामांकन दाखिल करती नजर आईं. वहीं, निर्विरोध जीत की खबर के बाद वह पीली साड़ी पहनकर पहुंचीं. तीन नामांकन और तीन अलग-अलग वेशभूषा का यह घटनाक्रम लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. वती कुमारी ने बताया कि पहली बार वह लाल साड़ी पहनकर गई थीं, क्योंकि लाल रंग को शगुन के तौर पर शुभ माना जाता है. इसके बाद सलवार-सूट में पहुंचीं और निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद पीली साड़ी पहनकर आईं.
प्रधान बनने के बाद वती कुमारी ने अपनी प्राथमिकताएं भी बताईं. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी और सड़कों की समस्याओं के साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी. वह जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगी और विकास के मुद्दों पर काम करेंगी. घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ प्रधानी की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा से निभाएंगी. वहीं, उनकी ननद एकता ने भी बताया कि लाल साड़ी को शगुन के तौर पर शुभ माना जाता है. पूजा-पाठ के दौरान लाल साड़ी पहनकर नामांकन करने गए थे. इसके बाद सलवार-सूट और निर्विरोध जीत के बाद पीली साड़ी पहनकर पहुंचे. उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने उन्हें भरपूर सहयोग दिया है.
रिपोर्ट: देवेन्द्र सिंह