)
Anup Bagchi HDFC Bank CEO: प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी ने अनूप बागची (Anup Bagchi) को नया सीईओ (CEO) नियुक्त करने का ऐलान किया है. अनूप बागची आईसीआईसीआई ग्रुप (ICICI Group) के साथ 30 साल से भी ज्यादा समय तक जुड़े रहे हैं. बागची शशीधर जगदीशन की जगह एचडीएफसी बैंक की कमान संभाल रहे हैं. माना जा रहा है कि बागची को एचडीएफसी बैंक की टॉप लेवल की कुर्सी दिये जाने का कारण उनके पास केमिकल इंजीनियर से लेकर बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर तक का अनुभव होना है. इसके अलावा भी वह कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. बैंकिंग के अलावा टेक्नोलॉजी में दमदार पकड़ रखने वाले बागची को एचडीएफसी बैंक ने काफी विचार करने के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी है. डिजिटल इनोवेशन से लेकर रिटेल एंड रूरल बैंकिंग और कैपिटल मार्केट में भी उनकी मजबूत पकड़ है.
अनूप बागची के पास अलग-अलग बैकग्रांउड का अनुभव होना, उन्हें एचडीएफसी के इस पद के लिए सबसे खास बनाता है. बागची की फाइनेंस सेक्टर में आने की अलग कहानी है. उन्होंने 1990 में देश के चुनिंदा संस्थानों में शामिल IIT कानपुर से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने कॉर्पोरेट मैनेजमेंट में आगे बढ़ने का फैसला किया और उन्होंने आईआईएम बंगलुरू से बिजनेस मैनेजमेंट में मास्टर्स की पढ़ाई की. इसके बाद वह 1992 में ICICI ग्रुप के साथ जुड़ गए. 2023 में IIT कानपुर ने बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में उनके अहम योगदान के लिए 'डिस्टिंग्विश अलम्नस अवॉर्ड' भी दिया.
इंजीनियरिंग बैकग्राउंड वाले अनूप बागची ने 30 साल से ज्यादा के करियर के दौरान बैंकिंग सेक्टर के हर पहलू को समझा. उन्होंने ICICI ग्रुप में रहते हुए रिटेल बैंकिंग, कॉर्पोरेट बैंकिंग और ट्रेजरी जैसे कई अहम डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी संभाली. देश में डिजिटल बैंकिंग की नींव मजबूत करने में उनका योगदान अहम माना जाता है. इसके अलावा उन्होंने ICICI Direct के ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म को स्टेब्लिश करने में भी अहम भूमिका निभाई. इसके जरिये आम लोगों का शेयर बाजार में निवेश करना आसान हो गया. ICICI बैंक के शुरुआती इंटरनेट बैंकिंग प्लेटफॉर्म को डेवलप करने में भी उनका रोल रहा.
मई 2011 में अनूप बागची को ICICI सिक्योरिटीज का एमडी और CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई. इस जिम्मेदारी को संभालने के दौरान उन्होंने कंपनी को रिटेल ब्रोकिंग, वेल्थ मैनेजमेंट और कॉर्पोरेट फाइनेंस में नए मुकाम पर पहुंचाया. उनकी लीडरशिप क्वालिटी को देखते हुए 2016 में ICICI बैंक ने उन्हें रिटेल बैंकिंग का हेड बनाया और बाद में वे बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बन गए. बैंक की कमान संभालने के दौरान उनके टेन्योर में बैंक के डिपॉजिट बेस में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई.
19 जून 2023 को अनूप बागची को ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ के पद की जिम्मेदारी दी गई. इससे पहले वह कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर का पद संभाल रहे थे. उनकी मजबूत स्ट्रैटजी के दम पर कंपनी ने FY 2025 में नया इतिहास रच दिया. इस दौरान ICICI प्रूडेंशियल लाइफ का एनुअलाइज्ड प्रीमियम इक्विलेंट (APE) 10,000 करोड़ के पार चला गया. इसके अलावा कंपनी का नेट प्रॉफिट भी 40% बढ़कर 1,189 करोड़ रुपये हो गया.
अनूप बागची हमेशा कस्टमर फोकस्ड एप्रोच को तवज्जो देने वाले लीडर रहे हैं. उनका यही मानना है कि कोई भी नया फाइनेंशियल प्रोडक्ट डिजाइन करने से पहले कस्टमर की जरूरत समझना जरूरी है. उन्होंने इंश्योरेंस और बैंकिंग सेक्टर में भी एआई (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया. इतना ही नहीं उन्होंने ऑनबोर्डिंग, अंडरराइटिंग और रिस्क मैनेजमेंट में नई टेक्नोलॉजी को इस तरह लागू किया, जिससे कस्टमर्स की प्रॉब्लम का तुरंत सॉल्यूशन हो सके.
अनूप बागची की एक्सपरटीज केवल बैंक या प्राइवेट कंपनियों तक ही नहीं है. उन्होंने देश के फाइनेंशियल स्ट्रक्चर को मजबूत करने में भी योगदान दिया है. वह आरबीआई (RBI) की एमएसएमई (MSME) से जुड़ी एक्सपर्ट कमेटी के मेंबर रह चुके हैं. बागची ने SEBI की फिनटेक, रिस्क मैनेजमेंट और फेयर मार्केट कंडक्ट कमिटियों में भी अहम जिम्मेदारी संभाली है. FICCI की कैपिटल मार्केट कमेटी, एनएसडीएल (NSDL) और BSE की एडवाइजरी कमेटी में भी वह अपनी सर्विस दे चुके हैं.