App

पहली डेट पर न रेस्टोरेंट, न कैफे... चीन के नए कपल को भा रहा कबाड़ का बाजार; टूटे बर्तनों में तलाश रहे प्यार

पहली डेट पर किसी को इंप्रेस करने के लिए महंगे रेस्टोरेंट में जाना और शानदार कपड़े पहनना अब पुरानी बात होती जा रही है. चीन के युवा इन दिनों कबाड़ के बाजारों में मिल रहे हैं. यहां कपल पुराने और टूटे हुए बर्तनों के ढेर में अपनी पसंद की चीजें तलाशते हुए एक-दूसरे को समझने की कोशिश करते हैं. सोशल मीडिया पर इस नए डेटिंग ट्रेंड की खूब चर्चा हो रही है.

पहली डेट पर न रेस्टोरेंट, न कैफे... चीन के नए कपल को भा रहा कबाड़ का बाजार; टूटे बर्तनों में तलाश रहे प्यार
Image Credit: प्रतिकात्मक AI इमेज | महंगे रेस्टोरेंट छोड़ कबाड़ की दुकान पर जा रहे चीनी कपल्स!

किसी से पहली बार मिलने का प्लान बने तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में कैफे, रेस्टोरेंट या कोई अच्छी जगह आती है. क्योंकि पहली मुलाकात में हर कोई चाहता है कि सामने वाले पर अच्छा इंप्रेशन पड़े. लेकिन चीन के युवाओं ने इस सोच से थोड़ा अलग रास्ता चुन लिया है. यहां कई युवा अब पहली डेट के लिए महंगे रेस्टोरेंट में पैसे खर्च करने के बजाय पुराने सामान के बाजारों का रुख कर रहे हैं.

इन बाजारों में वे टूटे-फूटे सिरेमिक बर्तन खोजते हैं और इसी दौरान एक-दूसरे की पसंद और व्यवहार को समझने की कोशिश करते हैं. सुनने में यह तरीका थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन चीन के बड़े शहरों में यह ट्रेंड धीरे-धीरे लोकप्रिय हो रहा है. खासकर शंघाई में युवा इसे डेटिंग का नया और दिलचस्प तरीका मान रहे हैं. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडनोट पर इस ट्रेंड से जुड़े विषयों को 2 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. अब सवाल है कि आखिर कबाड़ के बाजार में ऐसा क्या है, जो युवाओं को पहली डेट के लिए वहां खींच रहा है?

500 ग्राम टूटे बर्तनों की कीमत करीब 65 रुपये

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चीन में इन बाजारों को पोर्सिलेन स्कैवेंजिंग मार्केट कहा जा रहा है. यहां पुराने, टूटे और इस्तेमाल से बचे हुए चीनी मिट्टी के बर्तनों के ढेर लगे रहते हैं. लोग इन ढेरों में अपनी पसंद के कप, प्लेट, कटोरे और दूसरी चीजें खोजते हैं. इन बाजारों की एक खास बात यहां मिलने वाला सस्ता सामान भी है. रिपोर्ट के अनुसार, कुछ जगहों पर 500 ग्राम टूटे बर्तनों के लिए सिर्फ 5 युआन यानी करीब 65 रुपये देने पड़ते हैं. कई बार इन ढेरों में महंगे ब्रांड के पुराने बर्तन भी मिल जाते हैं. लोकल मीडिया ईस्टडे के अनुसार, सितंबर में खुले ऐसे ही एक बाजार में एक दिन के अंदर करीब 1.5 टन सिरेमिक सामान बिक गया. वहां 1,000 से ज्यादा लोग पहुंचे थे. इनमें ऐसे युवा भी थे, जो सिर्फ खरीदारी नहीं, बल्कि दोस्तों से मिलने और डेट पर जाने के लिए आए थे.

टूटे बर्तनों के बीच समझ रहे एक-दूसरे को

इस ट्रेंड की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां डेट पर आए कपल सिर्फ एक-दूसरे के सामने बैठकर बातचीत नहीं करते. वे साथ में बर्तनों के ढेर में चीजें तलाशते हैं, अपनी पसंद बताते हैं और छोटी-छोटी बातों पर एक-दूसरे का व्यवहार देखते हैं. शंघाई में रहने वाली 29 साल की हाओहाओ हाल ही में ऐसी ही एक डेट पर गई थीं. उनका मानना है कि इस तरह की जगह पर किसी के साथ वक्त बिताने से उसके असली स्वभाव को समझने का मौका मिलता है. हाओहाओ ने बताया कि इन बाजारों में धूल-मिट्टी होती है और मच्छर भी परेशान करते हैं. इसलिए वह अपने साथ दस्ताने और गीले वाइप्स लेकर जाती हैं. उनकी डेट पर आए लड़के ने उनके लिए फेस मास्क का इंतजाम किया था. हाओहाओ को उसकी यह छोटी-सी बात काफी अच्छी लगी. उनके लिए यह महंगे गिफ्ट या शानदार रेस्टोरेंट से ज्यादा मायने रखता था. इस तरह की छोटी बातों से पता चलता है कि सामने वाला आपकी सुविधा और जरूरतों का कितना ध्यान रखता है.

महंगे रेस्टोरेंट में दिखावे का दबाव

आमतौर पर पहली डेट पर लोग अपने कपड़ों, लुक और बातचीत को लेकर काफी सतर्क रहते हैं. कई बार सामने वाले को प्रभावित करने के चक्कर में लोग अपने असली स्वभाव से अलग व्यवहार करने लगते हैं. चीन के कुछ युवा इसी दिखावे से बचना चाहते हैं. उनका मानना है कि महंगे रेस्टोरेंट में बैठकर बातचीत करने के बजाय किसी साझा एक्टिविटी में हिस्सा लेना ज्यादा अच्छा रहता है. पुराने बर्तनों के बाजार में किसी को प्रभावित करने का दबाव कम होता है. दोनों लोग आराम से अपनी पसंद की चीजें तलाश सकते हैं. इस दौरान यह भी पता चलता है कि किसे किस तरह का डिजाइन पसंद है, कौन छोटी चीजों पर ध्यान देता है और कौन दूसरों की मदद करने में आगे रहता है. कई युवाओं के लिए कबाड़ के ढेर में अपनी पसंद की कोई खास चीज मिलना भी डेट का मजेदार हिस्सा बन जाता है.

पुराने बर्तनों से घर सजाने का शौक

यह ट्रेंड सिर्फ डेटिंग तक सीमित नहीं है. चीन के नौजवान लड़के पुराने और टूटे हुए सिरेमिक बर्तनों को दोबारा इस्तेमाल करने के नए तरीके भी खोज रहे हैं. कोई पुराने फूलदान के टुकड़ों से घर सजाने का सामान बना रहा है तो कोई कटोरे के बचे हुए हिस्से को सुशी परोसने की प्लेट की तरह इस्तेमाल कर रहा है. मतलब जिस सामान को लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं, उससे भी कुछ नया बनाया जा रहा है. लोकल मीडिया सिक्स्थ टोन के अनुसार, साल 2022 में शंघाई में 'स्टूपिंग' नाम का ट्रेंड भी लोकप्रिय हुआ था. इसमें लोग सड़कों पर फेंके गए फर्नीचर और दूसरी काम की चीजों को उठाकर घर में इस्तेमाल करते थे. पुराने बर्तनों के बाजारों में दिख रहा नया चलन भी इसी सोच से जुड़ा नजर आता है.

डेटिंग ऐप से आगे बढ़कर साझा शौक पर जोर

चीन में डेटिंग ऐप के जरिए पार्टनर खोजने का चलन अब भी है. लेकिन कुछ युवा अब सीधे रिश्ते की तलाश करने के बजाय पहले ऐसे लोगों से जुड़ना पसंद कर रहे हैं, जिनकी पसंद और शौक उनसे मिलते हों. इस तरीके को चीन में 'लाइट मैचमेकिंग' कहा जा रहा है. इसमें लोग किसी के साथ पहले दोस्ती और साझा एक्टिविटी के जरिए जुड़ते हैं. कोई साथ में एक्सरसाइज करना चाहता है तो कोई पुराने सामान की तलाश या दूसरी हॉबी के जरिए नए लोगों से मिलता है. ऐसे में पहली मुलाकात का मकसद सिर्फ एक-दूसरे को इंप्रेस करना नहीं रह जाता. दोनों को यह समझने का मौका मिलता है कि उनकी सोच और पसंद कितनी मिलती है.

कबाड़ में भी मिल सकता है प्यार!

चीन में डेटिंग का यह नया तरीका दिखाता है कि युवा अब रिश्तों में महंगे तोहफों और शानदार जगहों से ज्यादा सहजता को महत्व दे रहे हैं. उनके लिए किसी के साथ अच्छा वक्त बिताना और छोटी-छोटी बातों में उसकी परवाह देखना ज्यादा जरूरी हो गया है. हो सकता है कि किसी कपल को कबाड़ के बाजार में अपनी पसंद का पुराना कप या प्लेट मिल जाए. लेकिन उसी तलाश के दौरान उन्हें कोई ऐसा इंसान भी मिल सकता है, जिसके साथ आगे की जिंदगी बिताने का मन करे. आखिर रिश्ते की शुरुआत के लिए महंगा रेस्टोरेंट जरूरी नहीं, कभी-कभी टूटे बर्तनों के बीच हुई एक मुलाकात भी यादगार बन सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More