App

छत से गिरता मौत का मलबा, निजी मकान में पढ़ रहे 12 मासूम! 15 लाख का बजट स्वीकृत, फिर भी फाइलों में अटका कोरबा के स्कूल का निर्माण

कोरबा जिले के करतला ब्लॉक में स्थित चिताखोल गांव में शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति सामने आई है. यहां के सरकारी प्राथमिक विद्यालय की इमारत इतनी जर्जर हो गई है कि छत से लगातार मलबा गिर रहा है.

छत से गिरता मौत का मलबा, निजी मकान में पढ़ रहे 12 मासूम! 15 लाख का बजट स्वीकृत, फिर भी फाइलों में अटका कोरबा के स्कूल का निर्माण
Image Credit: छत्तीसगढ़ के चिताखोल गांव में शिक्षा का बुरा हाल

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला विकासखंड के ग्राम चिताखोल में सरकार के 'पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया' के दावे की हकीकत सामने आई है. यहां की शासकीय प्राथमिक शाला का भवन पूरी तरह जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो चुका है. जिस छत के नीचे मासूम बच्चों को अपना भविष्य गढ़ना था, आज उसी छत से मौत बनकर मलबा गिर रहा है. हालात इतने खराब हो चुके हैं कि बच्चों की क्लास अब गांव के ही एक निजी मकान में लगाई जा रही है.

निजी मकान में लग रही बच्चों की क्लास

यह पूरा मामला कोरबा जिले के करतला विकासखंड में स्थित चिताखोल गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय का है.  जिस छत के नीचे बच्चों को अपनी शुरुआती शिक्षा मिलनी थी, वह अब टूट रही है और एक जानलेवा खतरा बन गई है. इमारत की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि किसी भी पल कोई बड़ा हादसा हो सकता था. बच्चों की जान पर मंडराते खतरे को देखते हुए शिक्षकों ने इस जर्जर स्कूल भवन को छोड़ने का फैसला किया. तब से यह इमारत खाली पड़ी है.

न ब्लैकबोर्ड, न पर्याप्त कमरे

बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकारी स्कूल की इमारत को छोड़ दिया गया था. लेकिन अब समस्या यह थी कि कक्षाएं कहां लगाई जाएं ताकि बच्चों की पढ़ाई में कोई रुकावट न आए. इसके लिए गांव के ही एक निजी घर में कक्षाएं चलाई जा रही हैं, जहां न तो पर्याप्त कमरे हैं और न ही स्कूल जैसा माहौल. बस यही उम्मीद है कि किसी तरह इन बच्चों की पढ़ाई जारी रहे.

सरपंच बोले- राशि मिलते ही बनेगा नया स्कूल

ऐसा नहीं है कि अधिकारियों को हालात की इस गंभीर स्थिति के बारे में पता नहीं है. गांव के सरपंच ज्ञान सिंह कंवर के अनुसार, लगभग 15 लाख रुपये के बजट से एक नई स्कूल इमारत बनाने की मंजूरी मिल चुकी है. लेकिन फंड कागजी कार्रवाई में ही अटका हुआ है और अभी तक जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हो पाया है. यह आश्वासन दिया गया है कि जैसे ही फंड मिल जाएगा, जर्जर इमारत को गिरा दिया जाएगा और एक नया स्कूल बनाया जाएगा.

सुरक्षित स्कूल के लिए तरस रहे 12 बच्चे

फिलहाल, गांव के ये 12 मासूम बच्चे और उनके माता-पिता प्रशासन से बस यही गुहार लगा रहे हैं कि उन्हें कोई महल नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें बस एक सुरक्षित सरकारी छत मिल जाए, जहां वे बिना किसी डर के पढ़ाई कर सकें.

कोरबा से नीलम पड़वार की रिपोर्ट
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More