App

अपने ही पापा की निकालता है 'अंतिम यात्रा', 7 साल के बच्चे की अजीबोगरीब आदत; लोग बोले- ये कैसा शौक?

चीन के एक 7 साल के बच्चे को अंतिम संस्कार करने का ऐसा अजीब जुनून चढ़ा है कि वह कागज के ताबूत बनाता है और अपने ही पिता का नकली अंतिम संस्कार करता है. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है.

अपने ही पापा की निकालता है 'अंतिम यात्रा', 7 साल के बच्चे की अजीबोगरीब आदत; लोग बोले- ये कैसा शौक?
Image Credit: अपने ही पिता का नकली फ्यूनरल करता है ये 7 साल का बच्चा (AI Image)

बचपन में बच्चों को खिलौनों, कार्टून या वीडियो गेम्स का शौक होता है, लेकिन चीन से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. यहां एक 7 साल के बच्चे को अंतिम संस्कार करने का ऐसा अजीब जुनून चढ़ा है कि वह कागज से छोटे-छोटे ताबूत बनाता है और अपने ही पिता के साथ नकली अंतिम संस्कार का खेल खेलता है. सोशल मीडिया पर इस बच्चे की कहानी तेजी से वायरल हो रही है.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के इस 7 साल के बच्चे को अंतिम संस्कार की रस्मों से इतना लगाव हो गया है कि यह उसका सबसे पसंदीदा खेल बन चुका है. रिपोर्ट में बताया गया है कि बच्चे के अंदर यह अजीब शौक तब पैदा हुआ, जब वह महज 4 साल की उम्र में पहली बार किसी के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ था. इसके बाद से ही वह घर पर कागज के छोटे-छोटे ताबूत बनाने लगा और श्रद्धांजलि देने वाले फूलों के हार की ड्राइंग करने लगा. यह अनोखा मामला तब दुनिया के सामने आया, जब बच्चे की मां 'मा' ने इसके वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने शुरू किए, जो कि एक स्ट्रीट-फूड वेंडर हैं.

स्कूल टीचर ने भी की थी परिवार से शिकायत

बच्चे के इस अजीब शौक का पता परिवार को सबसे पहले तब चला, जब एक दिन उसके किंडरगार्टन स्कूल की टीचर ने घर पर शिकायत की. एससीएमपी की रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीचर ने पैरेंट्स को बताया कि बच्चे की पूरी ड्राइंग बुक सामान्य फूलों या कार्टून की जगह अंतिम संस्कार में इस्तेमाल होने वाले फूलों के हार की तस्वीरों से भरी हुई है. बच्चा अपना ज्यादातर खाली समय कागज से अंतिम संस्कार का सामान बनाने में बिताता है. कई बार तो वह लेगो ब्लॉक्स का इस्तेमाल करके शोक सभा के लिए बड़े-बड़े टेंट भी तैयार कर लेता है.

मां के ठेले के पास ही शुरू कर देता है नकली रस्में

बच्चे की इस दीवानगी की वजह से कई बार परिवार को लोगों के सामने अजीब स्थिति का भी सामना करना पड़ता है. यह बच्चा कई बार अपनी मां के स्ट्रीट-फूड स्टॉल के पास या पड़ोसी दुकानदारों के बगल में ही अपना नकली अंतिम संस्कार का सेटअप लगा लेता है और अपने पिता को लिटाकर नकली अंतिम यात्रा का खेल खेलने लगता है. हालांकि, हैरानी की बात यह है कि बच्चे की इस अजीब हरकत से न तो उसके माता-पिता परेशान हैं और न ही उसके दादा-दादी. बच्चे की मां का कहना है कि हर बच्चे का अपना अलग शौक होता है, बस उनके बेटे का शौक थोड़ा सा अलग है.

सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन

जैसे ही बच्चे के ये वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुए, लोगों के मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई. SCMP की रिपोर्ट में छपे रिएक्शन्स के मुताबिक, कई यूजर्स ने बच्चे को डांटने के बजाय उसका साथ देने के लिए पैरेंट्स की खुले विचारों की तारीफ की. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि गंभीरता से कहूं तो आपका बेटा बड़ा होकर इस उभरते हुए बिजनेस में खूब पैसा कमाएगा.

वहीं एक दूसरे शख्स ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब वह अंतिम संस्कार का खेल खेल रहा हो तो उसे बिल्कुल मत पीटना, वरना उसके असली आंसू इस खेल को और भी असली बना देंगे. एक अन्य यूजर ने लिखा कि जिन चीजों को बड़े लोग अशुभ या डरने वाली चीज मानते हैं, बच्चों के लिए वह महज एक आर्ट और रोल-प्ले हो सकता है, इसलिए उनकी जिज्ञासा का सम्मान करना जरूरी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More