क्या स्टैच्यू के नीचे फंसा है इंसान? लोगों ने लगाया जोर, पर नहीं हिली 110 टन स्टील की मूर्ति; देखें Video
शिकागो के मिलेनियम पार्क में मशहूर 'क्लाउड गेट' (The Bean) मूर्ति को 7 इंच खिसकाने के लिए सैकड़ों लोग जमा हो गए. दावा था कि इसके अंदर एक आदमी फंसा है. जानिए इस मजेदार और वायरल प्रैंक की पूरी इनसाइड स्टोरी.
सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या वायरल हो जाए और लोग किस बात पर यकीन कर लें, इसका कोई अंदाजा नहीं लगा सकता. शिकागो के मिलेनियम पार्क में एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला और मजेदार नजारा देखने को मिला. यहां सैकड़ों लोग एक 110 टन वजनी मशहूर स्टील की मूर्ति को खिसकाने के लिए इकट्ठा हो गए. लोगों का मानना था कि मूर्ति को सिर्फ 7 इंच बाईं तरफ खिसकाने से उसके नीचे छिपा एक दरवाजा खुलेगा और अंदर फंसा इंसान बाहर आ जाएगा.
रविवार की दोपहर शिकागो के मिलेनियम पार्क में अचानक हलचल तेज हो गई. वहां रहने वाले लोगों को शहर में कुछ रहस्यमयी फ्लायर्स और पोस्टर्स मिले थे. इन पोस्टर्स में लोगों से अपील की गई थी कि वे रविवार दोपहर पार्क पहुंचें और मशहूर 'क्लाउड गेट' को 7 इंच बाईं तरफ खिसकाने में मदद करें. आपको बता दें कि क्लाउड गेट को लोग प्यार से 'The Bean' कहते हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि इस अजीबोगरीब मैसेज पर यकीन करके सैकड़ों लोग पार्क पहुंच भी गए.
मूर्ति के अंदर फंसा है इंसान?
CBS News की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे ड्रामे के पीछे एक ऑनलाइन इवेंट पेज था जिसे "gs" नाम के एक अनजान यूजर ने बनाया था. उस पेज और पोस्टर पर लिखा था कि बीन मूर्ति के अंदर एक आदमी फंसा हुआ है. नए शोध से पता चला है कि बीन के दाहिने तरफ नीचे एक सीक्रेट लैच यानी गुप्त दरवाजा हो सकता है. अगर सब मिलकर इसे 7 इंच बाईं तरफ खिसका देंगे तो वह दरवाजा खुल जाएगा और अंदर बंद इंसान तक मदद पहुंचाई जा सकेगी. 'मैन इन द बीन' की यह कहानी इंटरनेट की एक पुरानी और मशहूर लोककथा बन चुकी है. साल 2025 में भी इस अफवाह के चक्कर में इस मूर्ति के सामने प्रदर्शन हुए थे.
110 टन का लोहा और लोगों का पूरा जोर
वायरल हो रहे वीडियोज में देखा जा सकता है कि युवाओं और शहरवासियों की भीड़ इस विशाल स्टील स्ट्रक्चर के चारों तरफ लाइन बनाकर खड़ी हो गई. इसके बाद सभी ने एक साथ अपने हाथों से मूर्ति को धक्का देना शुरू किया. पीछे खड़े लोग इस पूरे सीन का वीडियो बना रहे थे. लेकिन जैसा कि सबको उम्मीद थी, 110 टन भारी यह ठोस कलाकृति अपनी जगह से 1 इंच भी नहीं हिली. काफी देर तक जोर लगाने के बाद जब कुछ नहीं बदला तो भीड़ धीरे-धीरे हटने लगी.
इंटरनेट पर आई मीम्स की बाढ़
जैसे ही इस इवेंट के वीडियो टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर वायरल हुए, लोगों के रिएक्शंस की बाढ़ आ गई. सोशल मीडिया यूजर्स इस बात से काफी हैरान थे कि लोग इतने बड़े मजाक के लिए सच में पार्क पहुंच गए. एक यूजर ने लिखा, "मुझे तो यकीन ही नहीं हो रहा कि इतने सारे लोग सच में धक्का देने पहुंच गए." वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "भाई यह तो बहुत मजेदार है. काश मैं भी वहां मौजूद होता और धक्का लगा रहा होता."
क्या है इस मशहूर 'The Bean' की खासियत?
शिकागो का 'क्लाउड गेट' कोई आम ढांचा नहीं है. इसे मशहूर भारतीय मूल के ब्रिटिश कलाकार अनीश कपूर ने तैयार किया था और यह साल 2006 में बनकर पूरा हुआ था. यह शिकागो के सबसे फेमस टूरिस्ट स्पॉट्स में से एक है. इसका आकार बिल्कुल एक राजमा या बीन जैसा है और इसकी चमकदार स्टील की सतह पर शिकागो शहर की खूबसूरत इमारतें और आसमान शीशे की तरह दिखाई देते हैं. यही वजह है कि लोग इसे देखने दूर-दूर से आते हैं.
प्रशासन की राहत और कोई नुकसान नहीं
पार्क अथॉरिटी और लोकल पुलिस की तरफ से इस जमावड़े पर कोई सख्त एक्शन नहीं लिया गया. गनीमत यह रही कि इस फन प्रैंक के दौरान किसी भी इंसान को कोई चोट नहीं आई और न ही 110 टन की इस ऐतिहासिक मूर्ति को कोई नुकसान पहुंचा. कुछ घंटों के ड्रामे और हंसी-मजाक के बाद पूरा पार्क खाली हो गया, लेकिन इस घटना ने इंटरनेट पर लोगों का खूब मनोरंजन किया.